लखनऊ, 20 जून आम आदमी पार्टी (आप) ने उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों कथित रूप से गर्मी के कारण हुई मौतों को 'हत्या' करार देते हुए सरकार से पीड़ित परिवारों को मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की।
आप के राज्यसभा सदस्य और उत्तर प्रदेश इकाई के प्रभारी संजय सिंह ने मंगलवार को यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता बिजली कटौती से त्राहिमाम कर रही है।उन्होंने दावा किया कि भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती के कारण लोगों की जान जा रही है।
सिंह ने कहा कि प्रदेश में गर्मी के कारण जो मौतें हुई हैं ये दरअसल हत्या है। सरकार उन परिवारों को मुआवजा और नौकरी दे।
उन्होंने दावा किया कि प्रचंड गर्मी की वजह से गोरखपुर में अब तक 137 लोगों की मौत हो चुकी है, बस्ती मंडल में 33 लोगों की जान गई है जबकि अकेले बलिया में ही 104 लोगों की मौत हो चुकी है।
सिंह ने ऐलान किया कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर हो रही बिजली कटौती के खिलाफ आम आदमी पार्टी आगामी 22 जून को सभी जिलों में व्यापक जन आंदोलन करेगी।
सिंह ने कथित रूप से रामायण पर आधारित फिल्म 'आदिपुरुष' को लेकर उठे विवाद को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तंज किया और कहा, "धर्म के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा के लोग पूरे देश में भगवान का अपमान कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि नेपाल जैसे छोटे से देश ने अपने यहां प्रभु श्री राम, माता सीता और भगवान बजरंग बली का अपमान करती फिल्म ‘आदिपुरुष’ पर प्रतिबंध लगा दिया है लेकिन बहुत अफसोस और दुर्भाग्य की बात है कि पूरे देश में भगवान का अपमान हो रहा है और भाजपा के लोग घरों में चुपचाप बैठे हुए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY