एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भाजपा की सरकार ‘‘झूठ और लूट’’ की नीति पर चल रही : अखिलेश

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ‘'झूठ और लूट'’ की नीति पर सरकार चलाने का आरोप लगाया।

देश की खबरें | भाजपा की सरकार ‘‘झूठ और लूट’’ की नीति पर चल रही : अखिलेश

लखनऊ, 23 जनवरी समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ‘'झूठ और लूट'’ की नीति पर सरकार चलाने का आरोप लगाया।

यादव ने यहां एक बयान में भाजपा पर गम्भीर आरोप लगाते हुए कहा, ''भाजपा झूठी पार्टी है। भाजपा की सरकार झूठ और लूट की नीति पर चल रही है। झूठे वादे और हर विभाग, हर योजना में लूट करना ही इनका काम है।''

उन्होंने कहा, ''भाजपा की केन्द्र एवं प्रदेश सरकारों ने झूठ बोलकर हर वर्ग और जनता को ठगने का काम किया। किसानों, नौजवानों, छात्रों, व्यापारियों से झूठे वादे किए। कोई भी वादा पूरा नहीं किया। अब फिर उत्तर प्रदेश की जनता को नए-नए झूठे सपने दिखाना शुरू कर दिए गये हैं। भाजपा सरकार की गलत नीतियों के चलते 10 साल में भी किसानों की आय दोगुनी नही हुई। उलटे उनकी आय दिनों दिन घटती जा रही है।''

पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि किसानों को उनकी फसलों का लागत मूल्य नहीं मिल रहा है और गन्ना किसानों का चीनी मिलों पर बकाया बढ़ता जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार लगातार किसान विरोधी कार्य कर रही है और इस वर्ष अभी तक गन्ना मूल्य की घोषणा नहीं हुई।

उन्होंने कहा, ''भाजपा सरकार ने प्रदेश की जनता को भारी निवेश और लाखों नौकरियों के सपने दिखाये। बड़ी-बड़ी इनवेस्टर्स मीट हुई। इनमें देश के बड़े उद्योगपति और प्रधानमंत्री जी, केन्द्रीय मंत्री और राष्ट्रपति तक आये लेकिन कोई निवेश जमीन पर नहीं दिखाई दे रहा है।''

यादव ने कहा, ''किसी भी जिले में फैक्टरी और कम्पनी लगती नहीं दिख रही है। न तो भाजपा सरकार निवेश ला पायी और न नौजवानों को नौकरी, रोजगार दे पायी बल्कि इनकी गलत नीतियों, प्रताड़ना और उगाही से कानपुर, लखनऊ समेत प्रदेश के बड़े व्यवसायी अपना कारोबार बंद कर बाहर जा रहे है। कारोबार बाहर जाने से उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी और बढ़ेगी। इस सरकार में प्रदेश में एक भी विकास का ऐसा कार्य नहीं किया जिसे वह जनता के बीच बता सके।''

उन्होंने कहा, ''अब इस सरकार के दिन गिने—चुने रह गए है तो फिर से जनता को भ्रमित करने के लिए ऐसी तमाम झूठी घोषणाएं शुरू हो गयी है जिनके लिए कोई बजट नहीं है। जनता समझ गयी है। भाजपा बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार, ध्वस्त कानून व्यवस्था से ध्यान हटाने के लिए तरह-तरह का प्रोपगेंडा करने को अपनी उपलब्धि मानती है और जनता को भ्रमित कर रही है। 2027 के चुनाव में जनता भाजपा के झूठ और लूट के शासन का अंत करने के लिए संकल्पित है।''

सलीम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 23, 2025 06:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).