देश की खबरें | राजस्थान में दलित युवकों की हत्या के मामले में जांच के लिए भाजपा ने सांसदों की समिति बनाई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने राजस्थान के कुचामन में पिछले दिनों वाहन से कुचल कर दो दलित युवकों की हत्या किए जाने से जुड़े मामले की जांच के लिए सांसदों की एक चार सदस्यीय समिति का गठन किया है।
नयी दिल्ली, 31 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने राजस्थान के कुचामन में पिछले दिनों वाहन से कुचल कर दो दलित युवकों की हत्या किए जाने से जुड़े मामले की जांच के लिए सांसदों की एक चार सदस्यीय समिति का गठन किया है।
पार्टी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि यह समिति घटना स्थल का दौरा करेगी और अपनी रिपोर्ट नड्डा को सौंपेगी।
इस समिति की अगुवाई राज्यसभा सदस्य व उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस प्रमुख बृजलाल करेंगे। इसके सदस्यों में कांता कर्दम (राज्यसभा), रंजीता कोली (लोकसभा) और सिकंदर कुमार (राज्यसभा) शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि सोमवार रात कुचामन के राणासर गांव के पास एक गाड़ी से कुचलकर दो युवकों की हत्या कर दी गई थी। बाइक पर तीन युवक सवार थे और बाइक को वाहन से कई बार टक्कर मारी गई जिससे दो युवकों की मौत हो गई तथा एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का जयपुर में इलाज किया जा रहा है।
विज्ञप्ति के अनुसार नड्डा ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘राज्य में ऐसी जघन्य हत्याएं, दलित उत्पीड़न, महिलाओं पर दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे अत्याचार एवं जंगलराज चरम पर है तथा कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।’’
राजस्थान पुलिस ने इस मामले में तीन संदिग्धों को पकड़ा है।
पीड़ित परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि तीनों युवक रात के खाने के लिए एक होटल में रुके थे, जहां उनका कुछ लोगों के साथ विवाद हो गया। बाद में इन लोगों ने अपनी कार से बाइक को टक्कर मारी।
परिजनों की शिकायत के बाद कुचामन थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
राजस्थान में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।
ब्रजेन्द्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)