एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | केंद्र से कर्नाटक को सूखा राहत दिलाने के लिए भाजपा ने कुछ नहीं किया: शिवकुमार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर केंद्र से कर्नाटक को सूखा राहत दिलाने के लिए कुछ नहीं करने का रविवार को आरोप लगाया।

देश की खबरें | केंद्र से कर्नाटक को सूखा राहत दिलाने के लिए भाजपा ने कुछ नहीं किया: शिवकुमार

बेंगलुरु, चार फरवरी कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर केंद्र से कर्नाटक को सूखा राहत दिलाने के लिए कुछ नहीं करने का रविवार को आरोप लगाया।

साथ ही कर्नाटक में गारंटी योजनाएं लागू करने और सूखा प्रभावित लोगों को राहत मुहैया कराने के लिए सर्वोत्तम प्रयास करने के बावजूद राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधने के लिए शिवकुमार ने भाजपा पर पलटवार किया।

उन्होंने कर अंतरण और अनुदान सहायता के संबंध में केंद्र सरकार द्वारा कर्नाटक के साथ ‘अन्याय’ के खिलाफ आने वाले दिनों में दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए भाजपा और जनता दल (सेक्युलर) नेताओं को आमंत्रित भी किया।

शिवकुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मनमोहन सिंह सरकार के सत्ता से हटने के 10 साल बीत चुके हैं, उन्हें (भाजपा को) समझ हो जानी चाहिए थी। बिना ज्ञान या शिक्षा के लोगों का होना ठीक है, लेकिन लोगों को व्यावहारिक होना चाहिए। लोगों ने आपको देश की सत्ता दी, आपके पास ‘डबल इंजन’ सरकार (केंद्र और राज्य, दोनों में भाजपा सरकार) थी, लेकिन सवाल यह है कि आपने क्या किया।’’

वह 2004 और 2014 के बीच जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे और कांग्रेस के नेतृत्व वाला संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सत्ता में था, तब सूखे और विकास कार्यों के लिए केंद्र सरकार से कर्नाटक को कितना मिला, इस पर रिकॉर्ड जारी करने की विपक्षी भाजपा की मांग को लेकर एक सवाल का जवाब दे रहे थे।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कर्नाटक के कुल 28 में से 27 सांसद (एक निर्दलीय और एक जद (एस)) होने के बावजूद भाजपा अपनी पार्टी नीत केंद्र सरकार के साथ एक बैठक करके राज्य को सूखा राहत जारी नहीं करवा सकी।

उन्होंने कहा, ‘‘पीने ​​के पानी की आपूर्ति के लिए आवश्यक कदम उठाने के अलावा सिद्धरमैया सरकार ने पहली बार यह सुनिश्चित किया है कि प्रभावित किसानों को राहत के रूप में 2,000 रुपये उनके बैंक खातों में मिले। भाजपा इसे पचा नहीं पा रही है।’’

शिवकुमार ने दावा किया कि केंद्र ने कर्नाटक के साथ अन्याय किया है और इसे सही करने के बजाय, भाजपा संप्रग शासन के दौरान राज्य को जारी किए गए धन के रिकॉर्ड की मांग करके यह स्वीकार करती दिख रही है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासन के दौरान अन्याय हो रहा है।

कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्य के सिंचाई मंत्री शिवकुमार ने कहा, "हम, कांग्रेस चुनाव हार गए, लेकिन आप (भाजपा) 300 से अधिक सीटों के साथ जीते...सब कुछ छोड़ दीजिये, पिछले केंद्रीय बजट में, निर्मला सीतारमण ने कहा था कि राज्य की ऊपरी भद्रा सिंचाई परियोजना के लिए 5,300 करोड़ रुपये दिए जाएंगे क्या उसके लिए एक रुपया भी जारी किया गया है। वे (भाजपा) बतायें।’’

कर्नाटक से कांग्रेस के सभी जनप्रतिनिधि, मुख्यमंत्री सिद्धरमैया सहित विधायक कर अंतरण और सहायता अनुदान के मामले में केंद्र सरकार द्वारा राज्य के साथ ‘अन्याय’ के खिलाफ सात फरवरी को नयी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करेंगे।

शिवकुमार ने कहा, ‘‘कोई और रास्ता नहीं है, हमें राज्य के हित में अपनी आवाज उठानी होगी। मैं भाजपा और जद (एस) दोनों से अनुरोध करूंगा कि वे आएं और राज्य के हित में इसमें भाग लें।"

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र की इस हालिया टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कि लोग कांग्रेस पार्टी की "बनावटी गारंटी" के झांसे में नहीं आएंगे क्योंकि वे जानते हैं कि मोदी की गारंटी सबसे अच्छी है, शिवकुमार ने कहा कि वह (विजयेंद्र) इस पद पर नए हैं और नयी बातें कर रहे हैं और कहा कि वह उन्हें हतोत्साहित नहीं करना चाहते।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 04, 2024 09:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).