देश की खबरें | भाजपा ने केरल में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को तत्काल वापस भेजने की मांग की

तिरुवनंतपुरम, पांच मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को मांग की कि पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के लिए इंसाफ सुनिश्चित करने के वास्ते केरल में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को तुरंत वापस भेजा जाना चाहिए।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि केरल एकमात्र ऐसा राज्य है, जो अवैध पाकिस्तानी प्रवासियों को वापस भेजने के निर्देश का पालन नहीं कर रहा है।

कोल्लम जिले के कोट्टाराक्कारा में भाजपा के एक सम्मेलन में बोलते हुए चंद्रशेखर ने कहा, "ऐसे अवैध प्रवासियों को केरल से बाहर निकालने के लिए तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए।"

उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को हमास या अवैध पाकिस्तानी और बांग्लादेशी प्रवासियों से जुड़े मुद्दों को संबोधित करना इतना मुश्किल क्यों लगता है।

चंद्रशेखर ने कहा, "जब राष्ट्रीय सुरक्षा की बात आती है, तो कोई समझौता नहीं किया जा सकता। हम तुष्टिकरण की राजनीति का कड़ा विरोध करते हैं। विकसित केरल के लिए हमें सुरक्षित केरल की जरूरत है।"

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन ने कहा कि केरल को पहलगाम के शहीदों के लिए न्याय सुनिश्चित करने के वास्ते केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के प्रयासों के साथ खड़ा होना चाहिए।

यहां सचिवालय के सामने भाजपा तिरुवनंतपुरम शहर जिला समिति द्वारा आयोजित विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने के बाद मुरलीधरन ने कहा कि यहां तक कि दीर्घकालिक वीजा धारकों को भी रहने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए-यह भारतीय जनता पार्टी का दृढ़ रुख है।

उन्होंने मांग की कि कांग्रेस और माकपा इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करें।

मुरलीधरन ने कांग्रेस पर सशस्त्र बलों का बार-बार अपमान करने और उनकी विश्वसनीयता पर सवाल उठाने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि इस बार पाकिस्तान को जो झटका लगने वाला है, वह छोटा नहीं होगा और भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार पहलगाम के पीड़ितों के लिए न्याय सुनिश्चित करेगी।

कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले में 26 लोग मारे गए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)