देश की खबरें | भाजपा प्रतिनिधिमंडल जोहानिसबर्ग में आयोजित ‘ब्रिक्स राजनीतिक दल प्लस संवाद-23’ में भाग लेगा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एक प्रतिनिधिमंडल दक्षिण अफ्रीका में आयोजित होने जा रहे 'ब्रिक्स राजनीतिक दल प्लस संवाद-23' में भाग लेगा।

नयी दिल्ली, पांच जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एक प्रतिनिधिमंडल दक्षिण अफ्रीका में आयोजित होने जा रहे 'ब्रिक्स राजनीतिक दल प्लस संवाद-23' में भाग लेगा।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बुधवार को भाजपा मुख्यालय में ‘भाजपा को जानो’ पहल के तहत भारत में पदस्थापित विभिन्न देशों के राजनयिकों के एक समूह से संवाद के दौरान यह घोषणा की।

यह संवाद 18-20 जुलाई को जोहानिसबर्ग में होगा और ब्रिक्स देशों के राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि इसमें भाग लेंगे। इसका आयोजन दक्षिण अफ्रीका की सत्ताधारी अफ्रीकन नेशनल कांग्रेस (एएनसी) ने किया है।

ब्राजील, रूस, भारत, चीन, और दक्षिण अफ्रीका ब्रिक्स के सदस्य हैं।

इस आयोजन का मकसद आपसी हित के मुद्दों, ब्रिक्स तंत्र को मजबूत करना तथा आर्थिक सुधार और संघर्ष समाधानों पर चर्चा करना है।

'भाजपा को जानो' पहल के तहत संवाद में बांग्लादेश, मिस्र, जर्मनी, यूनान, गुयाना, लेबनान, मलेशिया, मोजाम्बिक, दक्षिण कोरिया, सूरीनाम, स्वीडन और तंजानिया के राजनयिक उपस्थित थे।

नड्डा के साथ इस संवाद में भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी और पार्टी के विदेश मामलों के विभाग के प्रभारी डॉ. विजय चौथाईवाले भी उपस्थित थे।

पार्टी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, "इस दौरान भाजपा अध्यक्ष ने दो महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की हैं। सबसे पहले, भाजपा प्रतिनिधिमंडल दक्षिण अफ्रीका में 'ब्रिक्स राजनीतिक दल प्लस संवाद-23' में भाग लेगा। दूसरा, बांग्लादेश की सत्तारूढ़ अवामी लीग के साथ-साथ कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल का प्रतिनिधिमंडल निकट भविष्य में भाजपा के निमंत्रण पर भारत का दौरा करेगा।"

संवाद के दौरान राजनयिकों ने पिछले नौ वर्षों में भाजपा की अभूतपूर्व वृद्धि, पार्टी के सदस्यता अभियान, प्रौद्योगिकी के उपयोग के साथ-साथ विभिन्न राज्यों में अपनी मौजूदगी का विस्तार करने में पार्टी की रणनीति के बारे में प्रश्न पूछे और नड्डा ने सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की है।

'भाजपा को जानो' पहल की शुरुआत नड्डा ने पार्टी के 42वें स्थापना दिवस पर शुरू की थी। इस कार्यक्रम के दौरान नड्डा भाजपा के इतिहास, संघर्षों, सफलताओं, विचारधारा और राष्ट्र निर्माण में उसकी और पार्टी शासित सरकारों के योगदान पर विस्तार से चर्चा करते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now