टैगोर जयंती पर ममता का कोविड-19 गीत बजाने के पुलिस के कदम की भाजपा ने आलोचना की
भाजपा ने इस कदम को अपमानजनक कदम बताया, वहीं तृणमूल कांग्रेस ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भगवा दल इस मामले में तुच्छ राजनीति कर रहा है।
कोलकाता, आठ मई गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर पश्चिम बंगाल पुलिस के अपनी इकाइयों को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा रचित कोविड-19 जागरूकता गीत बजाने का निर्देश देने से राज्य में राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है।
भाजपा ने इस कदम को अपमानजनक कदम बताया, वहीं तृणमूल कांग्रेस ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भगवा दल इस मामले में तुच्छ राजनीति कर रहा है।
राज्य के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) ने अपने निर्देश में सभी अधिकारियों को टैगोर की 159 वीं जयंती के अवसर पर जिलों में 'कवि प्रणाम’ नाम से एक कार्यक्रम आयोजित करने को कहा था।
छह मई को जारी आदेश में टैगोर के चुनिंदा गीतों के साथ ही ममता बनर्जी द्वारा रचित जागरूकता गीत बजाने के लिए भी कहा गया था।
भाजपा नेता मुकुल रॉय ने कहा कि गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर सबसे महान विचारक हैं जिनकी सीख और ज्ञान दुनिया का मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने सवाल किया कि गुरुदेव की जयंती मनाने में ममता बनर्जी के जागरूकता गीतों का क्या संबंध है।
भाजपा के प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष लॉकेट चटर्जी ने कहा कि सरकार लोगों पर "मुख्यमंत्री थोपने’’ की कोशिश कर रही है।
तृणमूल कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि भगवा दल इस मामले में तुच्छ राजनीति कर रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का प्रयास कोरोना वायरस के संबंध में जागरूकता पैदा करने के लिए था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2020 11:13 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

