नयी दिल्ली, छह मार्च मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने सोमवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी यह स्वीकार नहीं कर पा रही है कि त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में उसे मामूली बहुमत मिला, जिस कारण वह हिंसा का तांडव कर रही है।
वामपंथी दल ने एक बयान में अपनी सभी स्थानीय इकाइयों का आह्वान भी किया है कि वे इस ‘आतंकी राजनीति’ के खिलाफ प्रदर्शन करें।
माकपा ने कहा, ‘‘पार्टी का पोलित ब्यूरो माकपा, वाम मोर्चे और विपक्षी कार्यकर्ताओं के खिलाफ भाजपा द्वारा की गई हिंसा की निंदा करता है।’’
उसने दावा किया, ‘‘भाजपा यह स्वीकार नहीं कर पा रही है कि उसने अपने गठबंधन का 10 प्रतिशत वोट और 11 सीट खो दी है। ऐसे में वह हिंसा का तांडव कर रही है।’’
त्रिपुरा में चुनाव के बाद हुई हिंसा में कम से कम आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी थी।
पुलिस ने बताया था कि राज्य में चुनाव के बाद हिंसा की घटनाओं के सिलसिले में 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY