देश की खबरें | हरियाणा विधानसभा में चंद्रयान-3 मिशन सफलता की श्रेय को लेकर भिड़े भाजपा-कांग्रेस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा विधानसभा ने चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 की सफल ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ की सराहना करते हुए शुक्रवार को एक प्रस्ताव पारित किया लेकिन सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दल के बीच इसका श्रेय लेने के लिए भिडंत हो गई।

चंडीगढ़, 25 अगस्त हरियाणा विधानसभा ने चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 की सफल ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ की सराहना करते हुए शुक्रवार को एक प्रस्ताव पारित किया लेकिन सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दल के बीच इसका श्रेय लेने के लिए भिडंत हो गई।

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज सदन में विपक्ष के नेता भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को मिशन की सफलता के लिए खास तौर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धान्यवाद देने को कह रहे थे, इसी बीच में विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने उन्हें टोक दिया जिससे नाराज होकर वह सदन से बाहर चले गए।

मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए सदन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी।

सत्ता पक्ष द्वारा पेश प्रस्ताव में प्रधानमंत्री मोदी का भी जिक्र था और इसपर हुड्डा ने देश की अंतरिक्ष एजेंसी इसरो को बढ़ावा देने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की भूमिका की प्रशंसा की।

सदन में प्रस्ताव पारित होने के बाद विज इसपर जोर देते रहे कि हुड्डा प्रधानमंत्री को धन्यवाद दें, जिसके बाद भाजपा और कांग्रेस सदस्यों के बीच कहासुनी हो गई।

विधानसभा अध्यक्ष गुप्ता ने विज से अपनी सीट पर लौटने का आग्रह करते हुए कहा, ‘‘विज साहब सहयोग करें।’’ इसके बाद विज नाराज होकर सदन से बाहर चले गए।

बाद में विज की अनुपस्थिति में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘कुछ भ्रम है। मेंने मंत्री अनिल विज से सदन से बाहर जाने को नहीं कहा। मैं उनसे वापस आने का अनुरोध करूंगा। उन्हें सदन में होना चाहिए।’’

करीब एक घंटे बाद जब विज सदन में लौटे तो हुड्डा ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, ‘‘आपके बगैर सदन में रौनक नहीं है।’’ इसपर भाजपा नेता ने जवाब दिया ‘‘आप (कांग्रेस) चाहते हैं कि मुझे यहां नहीं होना चाहिए लेकिन जनता मुझे बार-बार निर्वाचित कर रही है।’’

यहां सत्र के शुरुआती दिन मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने सदन में प्रस्ताव पेश किया।

नेता प्रतिपक्ष हुड्डा ने प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ पांच या सात साल की कड़ी मेहनत में हासिल नहीं हुई है।

हुड्डा ने कहा, ‘‘जब इसरो की शुरुआत हुई, तो इसमें पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर हर प्रधानमंत्री का योगदान रहा।’’ उन्होंने प्रस्ताव में इस बात को जोड़ने की मांग की।

अंतरिक्ष अभियान में बड़ी छलांग लगाते हुए भारत का चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ बुधवार शाम 6.04 बजे चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरा, जिससे देश चांद के इस क्षेत्र में उतरने वाला दुनिया का पहला तथा चंद्र सतह पर सफल ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\