देश की खबरें | नयी दिल्ली सीट पर भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा जमीनी स्तर पर मतदाताओं से जुड़ने की कर रहे कोशिश
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (श्रुति भारद्वाज)
(श्रुति भारद्वाज)
नयी दिल्ली, 28 जनवरी ‘प्रवेश वर्मा को जय श्री राम’ तथा ‘दो नंबर लकी है, इस बार जीत पक्की है’ के नारों के साथ भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा नयी दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में अपने प्रचार अभियान के दौरान जमीनी स्तर पर मतदाताओं से जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
इस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे वर्मा घर-घर जाकर लोगों से मिल रहे हैं और उन्हें आश्वासन दे रहे हैं कि निर्वाचित होने पर वह स्थानीय मुद्दों का समाधान करेंगे। कालीबाड़ी की संकरी गलियों में चुनाव प्रचार करते हुए वर्मा ने एक बुजुर्ग महिला का हाथ पकड़ा और उनसे बेहतर नागरिक सुविधाओं का वादा किया।
प्रचार अभियान के दौरान माहौल काफी उत्साहपूर्ण था, क्योंकि चुनाव प्रचार में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों ने काफी उत्साह के साथ भाग लिया। वर्मा की प्रचार शैली निवासियों के साथ व्यक्तिगत संबंध बनाने, आमने-सामने बातचीत करने और उनकी चिंताओं को सुनने पर केंद्रित है।
प्रचार अभियान के दौरान विशेष रूप से तब एक भावुक क्षण नजर आया, जब भाजपा का झंडा लहराते हुए और प्रचार टोपी पहने हुए एक विकलांग लड़की शुरू से अंत तक जुलूस के साथ चली। उसकी उपस्थिति वर्मा के व्यापक और समावेशी प्रचार अभियान का प्रतीक थी।
भाजपा के ‘लोगो’ वाली भगवा ‘हुडी’ (स्वेटशर्ट) पहने बच्चे पार्टी के प्रचार गीत पर थिरकते नजर आये, जबकि अन्य लोग वर्मा का संदेश पहुंचाने के लिए दीवारों पर पोस्टर एवं स्टिकर चिपका रहे थे।
भीड़ में बिहार के रतन चौहान भी शामिल थे, जो ‘पीके’ फिल्म के मशहूर किरदार की तरह नारंगी शर्ट और स्कर्ट पहने हुए था और हाथ में ट्रांजिस्टर लिए हुए थे। भाजपा का पर्चा लिए हुए उन्होंने मतदाताओं को आकर्षक संदेश दिया, ‘‘मैं दूसरे 'गोला' से यहां आया हूं, लोगों को यह बताने कि कमल पर वोट देना है।’’
प्रचार के दौरान वर्मा एक स्थानीय मंदिर गए, जहां पुजारी ने उन्हें लाल अंगवस्त्रम और प्रसाद दिया। उत्साहित समर्थकों ने ‘‘प्रवेश भैया को जय श्री राम’ और ‘दो नंबर लकी है, जीत हमारी पक्की है’’ के नारे लगाए, जिससे उनकी उम्मीदवारी के प्रति लोगों का उत्साह दिखा।
चुनाव प्रचार के दौरान लोग वर्मा का अभिवादन करते तथा उनके गले में माला पहनाते हुए नजर आये। वर्मा ने भी बुजुर्गों के चरणस्पर्श किये और उनसे आशीर्वाद मांगा।
उन्होंने दिल्ली में पांच फरवरी को होने वाले चुनाव में लोगों से उनका समर्थन करने का अनुरोध करते हुए विनम्रतापूर्वक कहा, ‘‘हमपर आशीर्वाद बनाये रखियेगा।’’
नयी दिल्ली विधानसभा सीट पर प्रवेश वर्मा का मुकाबला मुख्य रूप से आप प्रमुख और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित से है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आठ फरवरी को घोषित होंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)