देश की खबरें | राज्य सभा के लिए भाजपा उम्मीदवार कल्पना सैनी ने नामांकन किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड की एकमात्र राज्यसभा सीट पर 10 जून को होने वाले चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार कल्पना सैनी ने मंगलवार को नामांकन पत्र भरा ।

देहरादून, 31 मई उत्तराखंड की एकमात्र राज्यसभा सीट पर 10 जून को होने वाले चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार कल्पना सैनी ने मंगलवार को नामांकन पत्र भरा ।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने यहां बताया कि सैनी ने विधानसभा सचिव को अपना नामांकन पत्र सौंपा ।

नामांकन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, पार्टी मामलों के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम, हरिद्वार से लोकसभा सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, धामी मंत्रिमंडल के कई मंत्री और सत्ताधारी दल के अनेक विधायक मौजूद रहे ।

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा का छह साल का कार्यकाल पांच जुलाई को समाप्त हो रहा है और इस रिक्त हो रही सीट के लिए सैनी ने अपना नामांकन भरा है ।

विधानसभा में सत्ताधारी भाजपा के संख्या बल को देखते हुए सैनी का राज्यसभा में पहुंचना तय है । हाल में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 47 सीटों पर विजय प्राप्त की थी । विधानसभा में कांग्रेस के 11 सदस्य हैं जबकि दो अन्य निर्दलीय हैं ।

हरिद्वार जिले से संबंध रखने वाली सैनी भाजपा से लंबे समय से जुडी हुई हैं तथा वर्तमान में प्रदेश की राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष हैं ।

सैनी के चुनाव जीतने पर वह राज्यसभा में पहुंचने वाली उत्तराखंड की दूसरी महिला होंगी । इससे पहले, दिवंगत मनोरमा डोबरियाल शर्मा 2014 में कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल कर राज्यसभा पहुंची थीं ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\