देश की खबरें | झारसुगुड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार तंकाधर त्रिपाठी ने पर्चा दाखिल किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा की झारसुगुड़ा विधानसभा सीट पर 10 मई को होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार तंकाधर त्रिपाठी ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
झारसुगुड़ा (ओडिशा), 17 अप्रैल ओडिशा की झारसुगुड़ा विधानसभा सीट पर 10 मई को होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार तंकाधर त्रिपाठी ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल और वरिष्ठ नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के साथ त्रिपाठी ने झारसुगुड़ा के उप जिलाधिकारी के कार्यालय में अपना नामांकन पत्र जमा किया। उनके साथ बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
त्रिपाठी के साथ गए लोगों में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष समीर मोहंती, बसंत पांडा, जुआल ओराम और के.वी. सिंहदेव, बारगढ़ के सांसद सुरेश पुजारी, केंद्रीय मंत्री बिश्वेश्वर टुडु और पार्टी के कई विधायक शामिल थे।
नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद त्रिपाठी ने कहा कि झारसुगुड़ा के लोग बीजू जनता दल (बीजद) सरकार के ‘23 साल के कुशासन’ के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे, जिसके दौरान झारसुगुड़ा ने ‘विकास का चेहरा नहीं देखा’।
उन्होंने कहा कि यह चुनाव बीजद शासन के दौरान निर्वाचन क्षेत्र के साथ हुए ‘अन्याय’ के खिलाफ लड़ाई होगी।
कांग्रेस उम्मीदवार तरुण पांडे ने शनिवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया, जबकि दिवंगत पूर्व मंत्री नब किशोर दास की पुत्री बीजद की दीपाली दास मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी।
नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल है। नामांकन पत्रों की जांच 21 अप्रैल को होगी और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 24 अप्रैल है।
इस वर्ष 29 जनवरी को नाबा किशोर दास की हत्या के कारण उपचुनाव कराया जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)