देश की खबरें | भाजपा ने घोषित किये प्रत्याशी : करहल सीट पर मुलायम परिवार के दो सदस्य करेंगे जोर आजमाइश
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश में जिन नौ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहा है उनमें से सात के लिये अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। पार्टी ने करहल सीट से अनुजेश यादव को मैदान में उतारा है जो सपा प्रमुख अखिलेश यादव के चचेरे बहनोई हैं ।
लखनऊ, 24 अक्टूबर उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश में जिन नौ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहा है उनमें से सात के लिये अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। पार्टी ने करहल सीट से अनुजेश यादव को मैदान में उतारा है जो सपा प्रमुख अखिलेश यादव के चचेरे बहनोई हैं ।
दिलचस्प यह है कि करहल से सपा उम्मीदवार तेज प्रताप सिंह यादव अनुजेश के फूफा हैं ।
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक दरअसल, अनुजेश आजमगढ़ से सपा सांसद धर्मेन्द्र यादव के सगे जीजा हैं। धर्मेन्द्र सपा प्रमुख अखिलेश यादव के चचेरे भाई हैं।
अनुजेश ने जब मार्च 2019 में भाजपा का दामन थामा था, तो बदायूं से तत्कालीन सांसद रहे धर्मेंद्र यादव ने एक पत्र जारी करके उनसे अपना नाता तोड़ने का ऐलान कर दिया था।
करहल सीट हमेशा से समाजवादियों का बेहद मजबूत गढ़ रहा है और इस बार भी इस सीट पर सपा और भाजपा के बीच ही मुख्य मुकाबला होने की सम्भावना है। ऐसे में तेज प्रताप और अनुजेश चुनावी मैदान में एक—दूसरे से जोर—आजमाइश करते नजर आएंगे।
भाजपा ने आज जारी सूची में कटेहरी सीट पर बहुजन समाज पार्टी के पूर्व विधायक धर्मराज निषाद को उम्मीदवार बनाया है। धर्मराज निषाद वर्ष 1996, 2002 और 2007 में कटेहरी से विधायक रहे हैं। भाजपा की सहयोगी, निषाद पार्टी गठबंधन के तहत कटेहरी और मझवां सीट मांग रही थी।
भाजपा ने मझवां सीट से पूर्व विधायक सुचिस्मिता मौर्य को मैदान में उतारा है। वह वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में इसी सीट से भाजपा के टिकट पर विधायक बनी थीं।
वर्ष 2022 के चुनाव में यह सीट गठबंधन के तहत निषाद पार्टी के खाते में चली गयी थी। उपचुनाव में एक बार फिर सुचिस्मिता को टिकट देकर भाजपा ने अपने वफादारों को तरजीह देने का संदेश दिया है।
फूलपुर सीट से भाजपा ने दीपक पटेल को उम्मीदवार बनाया है। पटेल वर्ष 2012 में करछना सीट से बसपा के विधायक रह चुके हैं।
प्रदेश की खैर सीट से भाजपा ने सुरेंद्र दिलेर को प्रत्याशी बनाया है। दिलेर हाथरस से भाजपा के सांसद रहे राजवीर सिंह दिलेर के बेटे हैं। भाजपा ने इस साल लोकसभा चुनाव में राजवीर को टिकट नहीं दिया था।
भाजपा ने गाजियाबाद से पार्टी के जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा को टिकट दिया है। शर्मा इलाके में भाजपा का ब्राह्मण चेहरा माने जाते हैं।
इसके अलावा कुंदरकी सीट से रामवीर सिंह ठाकुर को उम्मीदवार बनाया है। ठाकुर पूर्व में दो बार कुंदरकी से और एक बार मुरादाबाद—ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 24, 2024 04:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

