देश की खबरें | भाजपा ने वल्लभनगर और धारियावाद विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान के वल्लभनगर (उदयपुर), और धारियावाद (प्रतापगढ़) विधानसभा उपचुनाव के उम्मीदवारों के नामों की बृहस्पतिवार को घोषणा कर दी।
जयपुर, सात अक्टूबर भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान के वल्लभनगर (उदयपुर), और धारियावाद (प्रतापगढ़) विधानसभा उपचुनाव के उम्मीदवारों के नामों की बृहस्पतिवार को घोषणा कर दी।
पार्टी ने वल्लभनगर (उदयपुर) सीट पर हिम्मत सिंह झाला और धारियावाद (प्रतापगढ़) के लिये खेत सिंह मीना को उम्मीदवार बनाया है।
उल्लेखनीय है कि धारियावाद से भाजपा विधायक गौतम लाल मीणा का 19 मई को कोरोना वायरस संक्रमण से निधन हो गया था। वहीं वल्लभनगर से कांग्रेस विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत का भी 20 जनवरी को कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद निधन हो गया था।
पार्टी ने धारियावाद से गौतम लाल मीना के परिवार के सदस्य को टिकट देने की बजाय अन्य नेता खेत सिंह मीना को चुनाव मैदान में उतारा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार खेत सिंह को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का समर्थन प्राप्त है।
वहीं वल्लभनगर (उदयपुर) सीट पर पार्टी ने स्थानीय राजपूत उम्मीदवार हिम्मत सिंह झाला को टिकट दिया है।
कांग्रेस ने अभी तक दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा नहीं की है।
दोनों विधानसभा उपचुनाव के लिये नामांकन की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर है। 11 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच व संवीक्षा होगी तथा 13 अक्तूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 30 अक्तूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना दो नवंबर को करवाई जाएगी।
राज्य की 200 सीटों वाली विधानसभा में इस समय कांग्रेस के 106 विधायक हैं जबकि भाजपा के 71, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के तीन और माकपा और भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) के दो-दो विधायक, वहीं 13 निर्दलीय विधायक है। दो सीटें रिक्त हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)