देश की खबरें | भाजपा ने दिल्ली के तीनों निगमों में महापौर, उपमहापौर पदों के लिए उम्मीदवारों का ऐलान किया
जियो

नयी दिल्ली, 17 जून भाजपा ने दिल्ली की तीन नगर निगमों में महापौर, उप महापौर और अन्य पदों के लिए बुधवार को अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया। तीन निगमों पर पार्टी का ही कब्जा है।

चुनाव 24 जून को होने हैं। इसी दिन स्थायी समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए भी चुनाव होंगे।

यह भी पढ़े | गलवान घाटी में भारत और चीन के प्रमुख जनरलों के बीच चल रही वार्ता खत्म: 17 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

भाजपा के प्रदेश प्रमुख आदेश गुप्ता ने ट्वीट किया कि उत्तर दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) में महापौर पद के लिए जय प्रकाश, पूर्वी दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) में महापौर पद के लिए निर्मल जैन और दक्षिण दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) में महापौर पद के लिए अनामिका मिथलेश पार्टी की उम्मीदवार हैं।

निगमों का कार्यकाल पांच साल का होता है, लेकिन महापौर का कार्यकाल एक वर्ष का ही होता है। पहला साल महिला पार्षद के लिए आरक्षित होता है, जबकि दूसरे साल में किसी भी श्रेणी का पार्षद महापौर बन सकता है। वहीं तीसरे साल में आरक्षित श्रेणी का ही पार्षद महापौर बन सकता है। अंत के दो सालों में किसी भी श्रेणी का पार्षद महापौर बन सकता है।

यह भी पढ़े | UN Security Council Elections 2020: यूएनएससी (UNSC) में भारत का पुन: प्रवेश लगभग तय.

गौरतलब है कि पिछली बार तीनों निगमों में भाजपा महापौर और उप महापौर पद के लिए अपने उम्मीदवार जितवाने में कामयाब रही थी।

भाजपा के महापौर, उपमहापौर और स्थायी समितियों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों के उम्मीदवार अगले बुधवार को होने वाले चुनाव में आसानी से जीत सकते हैं, क्योंकि पार्टी के पास तीनों निगमों में बहुमत है।

प्रकाश फिलहाल एनडीएमसी की स्थायी समिति के अध्यक्ष हैं।

चुनाव के लिए नामांकन दायर करने का आखिरी दिन बुधवार है।

24 जून को दक्षिण दिल्ली के महापौर का चुनाव सुबह में होगा जबकि उत्तर दिल्ली के महापौर का चुनवा दोपहर में और फिर पूर्वी दिल्ली के महापौर का चुनाव होगा।

नगर निकाय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पहले बताया था कि 24 जून को सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा।

उत्तर दिल्ली के निर्वतमान महापौर अवतार सिंह हैं, जबकि दक्षिण दिल्ली की महापौर सुनीता कांगड़ा हैं और पूर्वी दिल्ली की महापौर अंजू कमलकांत हैं।

उपमहापौर पद के लिए भाजपा की उम्मीदवार ऋतु गोयल (एनडीएमसी), हरिप्रकाश बहादुर (ईडीएमसी) और सुभाष भडाना (एसडीएमसी) हैं।

इस बीच भाजपा शासित एसडीएमसी में सदन के नेता तिलक राज कटारिया ने बुधवार को पद और भगवा दल से इस्तीफा दे दिया।

उन्होंने ट्वीट, " मैंने एक राजनीतिक नेता, उत्तर एमसीजी के पार्षद और भाजपा के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। मैं एक सामान्य गरिमापूर्ण नागरिक के तौर पर जीवन गुजारूंगा । "

उन्होंने कहा, " कई बार ईमानदारी और निष्ठा की एक सजा मिलती है।"

उन्होंने संकेत दिया है कि वह भाजपा द्वारा घोषित नामों से नाखुश हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)