देश की खबरें | बीजद पंचायत चुनाव में 27 फीसदी ओबीसी उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने शुक्रवार को फैसला किया कि उनकी पार्टी राज्य में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 27 फीसदी सीटों पर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगी।

भुवनेश्वर, 13 अगस्त ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने शुक्रवार को फैसला किया कि उनकी पार्टी राज्य में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 27 फीसदी सीटों पर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगी।

राज्य के कृषि मंत्री अरुण कुमार साहू और सहकारिता मंत्री आर एन स्वैन ने यहां एक प्रेसवार्ता के दौरान इस बाबत घोषणा की।

साहू ने संवाददाताओं से कहा, '' बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ओबीसी समुदाय से 27 फीसदी उम्मीदवारों को मैदान में उतारने का फैसला किया है।''

उन्होंने कहा कि राज्य के अन्य राजनीतिक दलों को भी उचित अनुपात में ओबीसी उम्मीदवारों को टिकट देना चाहिए।

तीन दिन पहले ही बीजद सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर ज्ञापन सौंपा था, जिसमें राज्य में ओबीसी आरक्षण बढ़ाने के लिए कानून लाने की मांग उठायी थी। बीजद के ज्ञापन सौंपने के बाद पार्टी का यह निर्णय सामने आया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इस कदम ने बीजद के प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक दलों को चौंका दिया है और आने वाले चुनाव में इससे पटनायक को लाभ होगा।

साहू ने कहा कि 50 फीसदी आरक्षण की सीमा संबंधी अदालती आदेश के चलते राज्य सरकार ओबीसी के लिए शिक्षा एवं नौकरी में सीटें आरक्षित नहीं कर सकती। हालांकि, पटनायक ने पार्टी के भीतर से ही ओबीसी के लिए आरक्षण की शुरुआत का फैसला किया है।

मंत्री ने कहा कि बीजद लंबे समय से शिक्षा, नौकरियों और चुनाव में भी ओबीसी के लिए 27 फीसदी आरक्षण की मांग कर रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\