देश की खबरें | बिहार जहरीली शराब त्रासदी: मोतिहारी में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हुई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में संदिग्ध जहरीली शराब त्रासदी में मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर 14 हो गयी।
मोतिहारी/पटना, 15 अप्रैल बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में संदिग्ध जहरीली शराब त्रासदी में मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर 14 हो गयी।
पूर्वी चंपारण के जिला प्रशासन द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, ‘‘जिला पुलिस को शनिवार को सूचना मिली कि तुरकौलिया, हरसिद्धि, सुगौली और पहाड़पुर में कुछ लोगों की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई है।’’
ग्रामीणों ने पुलिस को यह भी बताया कि इन लोगों की मौत कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से हुई है।
पुलिस जब शनिवार सुबह तुरकौलिया और पहाड़पुर पहुंची तो स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया कि पीड़ितों ने शुक्रवार और शनिवार की रात में शराब का सेवन किया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तुरंत शहर के विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया। अंत में अधिकारियों को पता चला कि मोतिहारी निवासी दो लोगों की इलाज के दौरान मुजफ्फरपुर में और एक अन्य की मोतिहारी सदर अस्पताल में मौत हो गई।
इसके अलावा, पुलिस को यह भी सूचना मिली कि संभवत: जहरीली शराब के सेवन के कारण 11 और लोगों की मौत हुई है, लेकिन ग्रामीणों द्वारा पुलिस को सूचित किए बिना उनके शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इसके अतिरिक्त, मोतिहारी सदर अस्पताल में 10 और गंभीर रूप से बीमार लोगों का इलाज किया जा रहा है।
इस मामले में पुलिस ने अब तक कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। अवैध शराब के धंधे में शामिल अन्य लोगों को पकड़ने के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी गई है। आबकारी विभाग के अधिकारी भी घटना की जांच कर रहे हैं।
बयान में कहा गया है, ‘‘अशोक पासवान, छोटू पासवान और रामेश्वर राम के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इनकी मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगी। संभवत: जहरीली शराब के सेवन से मारे गए अन्य 11 लोगों में ध्रुव पासवान, जोखू सिंह, मनोहर राय, ध्रुप यादव, अभिषेक यादव, टुनटुन सिंह, भूटन मांझी, सुदीश राम, इंद्रासन महतो, अजय पासवान और छोटे लाल मांझी शामिल हैं। इनके शवों का ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किए बिना अंतिम संस्कार कर दिया था।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)