देश की खबरें | बिहार चुनाव: न्यूनतम साझा कार्यक्रम के लिए तेजस्वी की अध्यक्षता में ‘इंडिया’ की समन्वय समिति गठित

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बिहार में ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक दलों ने इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के वास्ते एक न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर विचार-विमर्श करने के लिए बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव की अध्यक्षता में एक समन्वय समिति का गठन किया।

पटना, 17 अप्रैल बिहार में ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक दलों ने इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के वास्ते एक न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर विचार-विमर्श करने के लिए बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव की अध्यक्षता में एक समन्वय समिति का गठन किया।

यहां राजद कार्यालय में राज्य में महागठबंधन के सभी सहयोगी दलों की बैठक में इस आशय का निर्णय लिया गया।

यादव ने कहा, ‘‘आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संयुक्त रणनीति और न्यूनतम साझा कार्यक्रम तैयार करने के लिए महागठबंधन के सहयोगी दलों ने सर्वसम्मति से एक समन्वय समिति गठित करने का निर्णय लिया। मुझे समिति का अध्यक्ष चुना गया है।’’

बिहार में महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) शामिल हैं।

राजद नेता ने कहा कि समिति बिहार के लोगों से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों को ध्यान में रखते हुए अभियान की रणनीति, सीट बंटवारे की व्यवस्था और गठबंधन सहयोगियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर भी चर्चा करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हम राज्य में ‘जनविरोधी’ और ‘बिहार विरोधी’ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को हटाने के लिए एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे।’’

चुनाव के लिए महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के बारे में पूछे जाने पर यादव ने कहा, ‘‘चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है... इस संबंध में उचित समय पर आपके साथ जानकारी साझा की जायेगी।’’

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में राजग सरकार के खिलाफ लोगों में गुस्सा और आक्रोश है।

यादव ने कहा, ‘‘केंद्र और बिहार की सरकारें राज्य से जुड़े मुद्दों को सुलझाने में विफल रही हैं। दरअसल, भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार ने बिहार के साथ सौतेला व्यवहार किया है। बिहार आज भी गरीबी, अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पलायन में नंबर एक है। राज्य का असली ‘डबल इंजन’ अपराध और भ्रष्टाचार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह बिहार आते रहते हैं... उन्हें जवाब देना चाहिए। (मुख्यमंत्री) नीतीश कुमार पूरी तरह से बेसुध स्थिति में हैं।’’

उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार की बैठक में बिहार में गरीबी, बेरोजगारी और पलायन से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

यादव ने कहा, ‘‘इन सभी मुद्दों को आने वाले दिनों में ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगी दलों द्वारा उठाया जाएगा... हम राजग सरकार को बेनकाब करेंगे।’’

बैठक में मौजूद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं बिहार के पार्टी प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने कहा, ‘‘हम एकता और पूरी स्पष्टता के साथ चुनाव लड़ेंगे... राजग सहयोगियों के बीच मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर भ्रम की स्थिति है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\