एजेंसी न्यूज

Bihar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिला संवाद अभियान शुरू किया

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे कल्याणकारी उपायों की उन्हें जानकारी देने के लिए शुक्रवार को महिला संवाद अभियान की शुरूआत की. मुख्यमंत्री ने यहां 1, अणे मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास से सभी जिलों के लिए ‘महिला संवाद’ जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

Bihar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिला संवाद अभियान शुरू किया

पटना, 18 अप्रैल : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे कल्याणकारी उपायों की उन्हें जानकारी देने के लिए शुक्रवार को महिला संवाद अभियान की शुरूआत की. मुख्यमंत्री ने यहां 1, अणे मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास से सभी जिलों के लिए ‘महिला संवाद’ जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, ‘‘ये वाहन सभी जिलों में जाएंगे और महिलाओं के लिए सरकार के कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूकता फैलाएंगे तथा संवाद की सुविधा प्रदान करेंगे.’’ बयान में कहा गया है, ‘‘इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करना और उन्हें उन संसाधनों एवं अवसरों से जोड़ना है जो राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को मुहैया कराये जा रहे हैं.’’

कार्यक्रम में, महिलाओं को संबोधित मुख्यमंत्री द्वारा लिखा गया पत्र भी जारी किया गया. संवाद के दौरान प्राप्त होने वाली समस्याओं का विभिन्न स्तरों पर त्वरित समाधान किया जाएगा. इससे सरकार को महिलाओं के लिए नीतियां एवं योजनाएं बनाने में मदद मिलेगी. बयान के अनुसार, अभियान के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में महिलाओं की समस्याओं पर चर्चा की जाएगी और उनका तत्काल समाधान किया जाएगा. बयान में कहा गया है कि संवाद का आयोजन राज्य में करीब 70,000 स्थानों पर किया जाएगा, जिसमें दो करोड़ से अधिक महिलाएं भाग लेंगी. इसमें कहा गया है कि सरकार द्वारा किए गए कार्यों को अभियान के दौरान वीडियो फिल्मों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा. यह भी पढ़ें :

इसके लिए बड़ी टेलीविजन स्क्रीन वाले करीब 600 वाहनों का उपयोग किया जा रहा है. अभियान के दौरान प्राप्त सुझावों को अधिकारियों द्वारा संकलित किया जाएगा. कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत शामिल हुए. महिला संवाद अभियान के तहत सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की जाएगी. साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले यह अभियान काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. बिहार के कुल निर्वाचक मंडल में महिला मतदाताओं की संख्या करीब 48 फीसदी है.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 18, 2025 04:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).