एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | बिहार मंत्रिमंडल ने सीतामढ़ी में मंदिर के विकास के लिए 882.87 करोड़ रुपये मंजूर किये

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बिहार सरकार ने सीतामढ़ी जिले में स्थित हिंदू तीर्थ स्थल पुनौराधाम जानकी मंदिर के समग्र विकास के लिए 882 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि को मंगलवार को मंजूरी दे दी। सीतामढ़ी जिले को सीता का जन्मस्थान माना जाता है।

देश की खबरें | बिहार मंत्रिमंडल ने सीतामढ़ी में मंदिर के विकास के लिए 882.87 करोड़ रुपये मंजूर किये

पटना, एक जुलाई बिहार सरकार ने सीतामढ़ी जिले में स्थित हिंदू तीर्थ स्थल पुनौराधाम जानकी मंदिर के समग्र विकास के लिए 882 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि को मंगलवार को मंजूरी दे दी। सीतामढ़ी जिले को सीता का जन्मस्थान माना जाता है।

यह निर्णय बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को यहां हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया।

कुमार ने मंत्रिमंडल की बैठक के तुरंत बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मुझे बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि जगत जननी मां जानकी की जन्मस्थली पुनौराधाम, सीतामढ़ी को समग्र रूप से विकसित किए जाने हेतु भव्य मंदिर सहित अन्य संरचनाओं के निर्माण की योजना को आज कैबिनेट से मंजूरी दे दी गई है। आज कैबिनेट में पुनौराधाम के समग्र विकास के लिए तैयार की गई वृहद योजना के लिए 882 करोड़ 87 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।’’

मंत्रिमंडल द्वारा स्वीकृत राज्य पर्यटन विभाग के प्रस्ताव के अनुसार, पुराने पुनौराधाम जानकी मंदिर के जीर्णोद्धार पर करीब 137 करोड़ रुपये और मंदिर के आसपास पर्यटक आधारभूत संरचना के विकास पर 728 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शेष राशि दस वर्षों तक आधारभूत संरचना के रखरखाव पर खर्च की जाएगी।

मुख्यमंत्री कुमार ने कहा, ‘‘इस योजना का जल्द ही कार्यारंभ कर दिया जाएगा। मैंने अगस्त महीने तक इसका शिलान्यास कराने का निर्देश दिया है। हमलोग पुनौराधाम, सीतामढ़ी में भव्य मंदिर निर्माण शीघ्र पूरा कराने हेतु कृतसंकल्पित हैं। इसका श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र, अयोध्या की तर्ज पर समग्र विकास किया जाएगा। पुनौराधाम में मां जानकी के भव्य मंदिर का निर्माण सभी देशवासियों के लिए तथा विशेष रूप से हम सभी बिहारवासियों के लिए सौभाग्य एवं गर्व की बात है।’’

इससे पहले, राज्य मंत्रिमंडल ने मंदिर के विकास के लिए डिजाइन सलाहकार के रूप में नोएडा स्थित निजी कंपनी - मेसर्स डिजाइन एसोसिएट्स इंक - की नियुक्ति को मंजूरी दी थी। यह वही कंपनी है जो उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 'राम जन्मभूमि न्यास' मंदिर की मास्टर प्लानिंग और वास्तुकला सेवाओं के लिए सलाहकार है।

सीतामढ़ी जिले से लगभग पांच किलोमीटर पश्चिम में स्थित पुनौराधाम में बड़ी संख्या में घरेलू और विदेशी तीर्थयात्री आते हैं। नयी विकास योजना के तहत, राज्य सरकार 'सीता-वाटिका', 'लव-कुश वाटिका' विकसित करेगी, 'परिक्रमा पथ' का निर्माण करेगी, डिस्प्ले कियोस्क, कैफेटेरिया और बच्चों के लिए खेल के मैदान बनाएगी।

तीर्थ स्थल को जोड़ने वाली सभी सड़कों का भी विकास किया जाएगा। इसके अलावा, तीर्थस्थल के चारों ओर विषय आधारित द्वार और पार्किंग क्षेत्र का निर्माण किया जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 01, 2025 04:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).