विदेश की खबरें | बाइडन और लापिड ने की ईरान पर चर्चा, इजराइल को पश्चिम एशिया के करीब लाने की कवायद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. शुक्रवार को सउदी अरब की यात्रा पर जाने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने लापिड को यह भी समझाया कि क्षेत्र के साथ इजराइल के ‘पूरी तरह सम्मिलित’ होने का क्या महत्व है।
शुक्रवार को सउदी अरब की यात्रा पर जाने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने लापिड को यह भी समझाया कि क्षेत्र के साथ इजराइल के ‘पूरी तरह सम्मिलित’ होने का क्या महत्व है।
दोनों नेताओं के बीच हुई प्रत्यक्ष वार्ता 48 घंटे के बाइडन के दौरे का मुख्य हिस्सा है और इसका मकसद अमेरिका और इजराइल के बीच संबंधों को और मजबूत बनाना है।
इन नेताओं ने एक संयुक्त बयान भी जारी किया जिसमें सैन्य सहयोग पर जोर देने और ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकने की प्रतिबद्धता जताई गयी। इजराइल ईरान को अपना शत्रु मानता है।
लापिड ने बाद में संवाददाताओं से कहा,‘‘हमने ईरानी खतरे पर चर्चा की। ईरान परमाणु संपन्न नहीं बनेगा।’’
इजराइल के अधिकारियों ने बतौर राष्ट्रपति बाइडन की पश्चिम एशिया की पहली यात्रा को यह रेखांकित करने के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश की कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम तेजी से आगे बढ़ा है। साथ ही उन्होंने बाइडन प्रशासन को 2015 के समझौते को पुनर्जीवित करने के प्रयासों में तेजी लाने को प्रोत्साहित किया।
संयुक्त बयान में अमेरिका ने कहा कि वह ईरान को परमाणु बम हासिल करने से रोकने के लिए ‘‘अपनी राष्ट्रीय शक्तियों के सभी तत्वों’’ का इस्तेमाल करने के लिए राजी है।
इज़राइल के ‘चैनल 12’ को दिए एक साक्षात्कार में बाइडन ने ईरान को परमाणु शक्ति संपन्न बनने से रोकने का दृढ़ संकल्प जताया और कहा कि वह बलप्रयोग को ‘‘अंतिम उपाय’’ के तौर पर रखेंगे।
दरअसल ईरान ने पिछले सप्ताह कहा था कि उसने 60 प्रतिशत शुद्धता तक यूरेनियम संवर्धन कर लिया है। हथियारों के लिए जरूरी गुणवत्ता वाले यूरेनियम से प्रौद्योगिकी के तौर पर वह एक कदम दूर है।
यह संयुक्त बयान बाइडन की इस सप्ताहांत सऊदी अरब में अरब नेताओं के साथ होने वाली बैठक में लिए अहम मायने रख सकता है, क्योंकि वह ईरान के खिलाफ क्षेत्रीय गठबंधन को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।
बाइडन ने लापिड के साथ बैठक के बाद कहा,‘‘ मैंने बताया है कि यह कितना जरूरी है...इजराइल के लिए क्षेत्र के साथ पूरी तरह से जुड़ना।’’
एपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)