एजेंसी न्यूज

भूपेश बघेल ने 'मुख्यमंत्री सहायता कोष' का हिसाब किया सार्वजनिक

बघेल द्वारा 'मुख्यमंत्री सहायता कोष' का हिसाब सार्वजनिक करने के बाद राज्य के सत्ताधारी दल कांग्रेस ने आपात स्थिति पीएम केयर्स फंड में जमा हुई राशि और उसके खर्च का हिसाब देश के सामने रखने की मांग की है।

भूपेश बघेल ने 'मुख्यमंत्री सहायता कोष' का हिसाब किया सार्वजनिक
जमात

रायपुर, 11 मई छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 'मुख्यमंत्री सहायता कोष' का हिसाब जनता के सामने रखा है। मुख्यमंत्री ने बताया है कि बीते 24 मार्च से सात मई तक इस कोष में 56 करोड़ रुपए से अधिक की राशि प्राप्त हुई है।

बघेल द्वारा 'मुख्यमंत्री सहायता कोष' का हिसाब सार्वजनिक करने के बाद राज्य के सत्ताधारी दल कांग्रेस ने आपात स्थिति पीएम केयर्स फंड में जमा हुई राशि और उसके खर्च का हिसाब देश के सामने रखने की मांग की है।

मुख्यमंत्री बघेल ने सोमवार को ट्वीट करके कहा, ‘‘मैं आप सबके बीच “मुख्यमंत्री सहायता कोष” का हिसाब रख रहा हूँ।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं बताना चाहूंगा कि बीते 24 मार्च से लेकर सात मई तक मुख्यमंत्री सहायता कोष में विभिन्न दान दाताओं के द्वारा कुल 56 करोड़ चार लाख 38 हज़ार 815 रुपए की राशि प्राप्त हुई है। जिसमें से कोरोना वायरस की रोकथाम और जरूरतमदों की सहायता के लिए राज्य के सभी जिलों को 10 करोड़ 25 लाख 30 हजार रूपए की राशि जारी की जा चुकी है’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘संकट के समय में आप सरकार पर इतना भरोसा जता रहे हैं तो पारदर्शिता को बरकरार रखना मेरा भी कर्तव्य है। विश्वास है, आपका सहयोग आगे भी मिलेगा।’’

राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री सहायता कोष में दानदाताओं, सामाजिक संगठनों, शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों, उद्योग और व्यवसायिक संगठनों के साथ-साथ जनसामान्य द्वारा कोरोना वायरस की रोकथाम तथा लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों की सहायता के लिए राशि दान दिए जाने का सिलसिला अनवरत रूप से जारी है।

बीते 24 मार्च से लेकर सात मई तक मुख्यमंत्री सहायता कोष में राज्य के विभिन्न संगठनों और दानदाताओं द्वारा स्वस्फूर्त रूप से कुल 56 करोड़ चार लाख 38 हजार 815 रूपए की राशि दान की गई है। मुख्यमंत्री सहायता कोष से राज्य में कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं जरूरतमदों की सहायता के लिए अब तक राज्य के सभी जिलों को 10 करोड़ 25 लाख 30 हजार रूपए की राशि जारी की जा चुकी है।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री बघेल ने इस सहयोग राशि के लिए समस्त संगठनों, उनके पदाधिकारियों और दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री सहायता कोष में दान दी गई राशि पर आयकर अधिनियम की धारा 80जी के तहत छूट का प्रावधान है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से मुख्यमंत्री सहायता कोष में राशि दान करने की अपील की है जिससे संकट की घड़ी में गरीबों, श्रमिकों और जरूरतमंदों की अधिक से अधिक मदद की जा सके।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा 'मुख्यमंत्री सहायता कोष' में मिली राशि का विवरण सार्वजनिक किए जाने के बाद राज्य के सत्ताधारी दल कांग्रेस ने मांग की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘पीएम केयर्स फंड’ में जमा हुई राशि और उसके खर्च का हिसाब देश के सामने रखें।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार विभाग के प्रमुख शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि मुख्यमंत्री बघेल ने 'मुख्यमंत्री सहायता कोष' में करोना वायरस से लड़ने के लिए मिली हुई राशि का विवरण सार्वजनिक कर दिया है। कितनी राशि खर्च की गई है और राशि को कहां खर्च किया गया है यह भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सार्वजनिक कर दिया है।

त्रिवेदी ने कहा है कि देश के मुखिया का सब अनुसरण करते हैं लेकिन अब समय आ गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का अनुसरण करते हुए ‘पीएम केयर्स फंड’ में जमा हुई राशि और उसके खर्च का हिसाब देश के सामने रखें।

उन्होंने कहा है कि पैसा कहां से आया है और कहां गया है यह जानने का अधिकार देश की जनता को है। खासकर तब जब प्रधानमंत्री राहत कोष से अलग एक नया कोष पीएम केयर्स फंड’ बनाया गया है। करोना वायरस महामारी फैलने के बाद यह फंड क्यों बनाया गया, कैसे बनाया गया और इसका उपयोग किस तरह से हो रहा है यह देश को जानने का अधिकार है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 11, 2020 09:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).