एजेंसी न्यूज

भूपेंद्र पटेल दूसरी बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने, 16 मंत्रियों ने भी ली शपथ

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता भूपेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में सोमवार यानी आज गांधीनगर में गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.

भूपेंद्र पटेल दूसरी बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने, 16 मंत्रियों ने भी ली शपथ
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल शपथ समारोह (Photo: Twitter)

Bhupendra Patel Oath Ceremony: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता भूपेंद्र पटेल (Bhupendra Patel) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) की मौजूदगी में सोमवार यानी आज गांधीनगर में गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पटेल का यह लगातार दूसरा कार्यकाल है. साथ ही 16 अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली जिनमें से आठ कैबिनेट रैंक के हैं. इनमें 11 पूर्व मंत्री भी शामिल हैं. कैबिनेट मंत्रियों में कनूदेसाई, ऋषिकेश पटेल, राघवजी पटेल, बलवंत सिंह राजपूत, कुंवरजी बावलिया, मुलुभाई बेरा, कुबेर डिंडोर और भानुबेन बावरिया शामिल हैं. हर्ष सांघवी और जगदीश विश्वकर्मा ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली. यह भी पढ़े:डिंपल यादव ने लोकसभा सांसद के रूप में ली शपथ

राज्य के छह अन्य मंत्रियों में पुरुषोत्तम सोलंकी, बच्चूभाई खाबाद, मुकेश पटेल, प्रफुल्ल पंशेरिया, भीखूसिंह परमार और कुंवरजी हलपति शामिल हैं. राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने नए सचिवालय के पास हेलीपैड ग्राउंड में आयोजित एक समारोह में पटेल को राज्य के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलायी. शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ ही केंद्रीय मंत्री और उन राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए जहां पार्टी सत्ता में है. इनमें गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, कर्नाटक के मुख्यमंत्री एस आर बोम्मई, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला शामिल थे.

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, रामदास आठवले और सर्बानंद सोनोवाल ने भी शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत की. हाल में संपन्न हुए गुजरात के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 182 में से रिकॉर्ड 156 सीट जीती हैं. यह गुजरात के विधानसभा चुनाव में भाजपा की लगातार सातवीं जीत है. कांग्रेस को 17 और आम आदमी पार्टी (आप) को पांच सीट पर जीत मिली है. पटेल (60) ने अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ शु्क्रवार को इस्तीफा दे दिया था, ताकि राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो सके. उन्हें शनिवार को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था, जिसके बाद उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात करके अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया था. पटेल ने घाटलोडिया सीट पर 1.92 लाख मतों के अंतर से अपने प्रतिद्वंद्वी को मात दी. पटेल को पिछले साल सितंबर में विजय रूपाणी के इस्तीफे के बाद राज्य की कमान मिली थी.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 12, 2022 03:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).