जरुरी जानकारी | बीएचईएल का शुद्ध लाभ चौथी तिमाही में 25 प्रतिशत घटकर 489.6 करोड़ रुपये पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल लिमिटेड (बीएचईएल) ने मंगलवार को बताया कि बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 25 प्रतिशत से अधिक गिरकर 489.6 करोड़ रुपये पर आ गया।
नयी दिल्ली, 21 मई सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल लिमिटेड (बीएचईएल) ने मंगलवार को बताया कि बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 25 प्रतिशत से अधिक गिरकर 489.6 करोड़ रुपये पर आ गया।
कंपनी ने शेयर बाजारों को यह जानकारी दी। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 658.02 करोड़ रुपये एकीकृत शुद्ध लाभ कमाया था।
समीक्षाधीन तिमाही के दौरान कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 7,794.11 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 7,411.64 करोड़ रुपये था।
इस दौरान कंपनी की कुल आय सालाना आधार पर 8,338.61 करोड़ रुपये से मामूली बढ़कर 8,416.84 करोड़ रुपये हो गई।
बीएचईएल ने कहा कि उसके बोर्ड ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए दो रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर 12.50 प्रतिशत या 25 पैसे की दर से अंतिम लाभांश की सिफारिश की है।
वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ घटकर 282.22 करोड़ रुपये रह गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 654.12 करोड़ रुपये था। इस दौरान कुल आय 23,853.57 करोड़ रुपये से मामूली बढ़कर 24,439.05 करोड़ रुपये हो गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)