जरुरी जानकारी | भारती एयरटेल का दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 37.5 प्रतिशत घटकर 1,341 करोड़ रुपये

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. देश की दूसरी बड़ी दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल का चालू वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 37.5 प्रतिशत घटकर 1,341 करोड़ रुपये रहा।

नयी दिल्ली, 31 अक्टूबर देश की दूसरी बड़ी दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल का चालू वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 37.5 प्रतिशत घटकर 1,341 करोड़ रुपये रहा।

एयरटेल का पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 2,145 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी ने बताया कि एकबारगी असाधारण शुल्क लगने से उसका शुद्ध लाभ कम हुआ है।

भारती एयरटेल की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की कुल आय सालाना आधार पर 44.2 प्रतिशत बढ़कर 2,960 करोड़ रुपये रही। दूसरी तिमाही में राजस्व 7.3 प्रतिशत बढ़कर 37,044 करोड़ रुपये रहा।

कंपनी के प्रबंध निदेशक गोपाल विट्टल ने कहा, ‘‘इस तिमाही में भी राजस्व वृद्धि और मुनाफा मजबूत रहा। भारत में राजस्व बढ़ा है और इसमें क्रमिक रूप से 2.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। हालांकि हमारा एकीकृत राजस्व नाइजीरियाई नायरा के अवमूल्यन से प्रभावित हुआ था।’’

दूरसंचार कंपनी ने कहा कि 4जी और 5जी ग्राहकों के अच्छी संख्या में जुड़ने और एआरपीयू में बढ़ोतरी के कारण भारत में मोबाइल सेवाओं का राजस्व सालाना आधार पर 11 प्रतिशत बढ़ा है।

संपर्क समाधानों की मदद से एयरटेल बिजनेस का राजस्व सालाना आधार पर 9.5 प्रतिशत बढ़ा।

समीक्षाधीन तिमाही में मोबाइल एआरपीयू (प्रति उपयोगकर्ता औसत राजस्व) बढ़कर 203 रुपये हो गया जो एक साल पहले इसी तिमाही में 190 रुपये था।

इस दौरान मोबाइल डेटा की खपत सालाना आधार पर 19.6 प्रतिशत बढ़ी और प्रति ग्राहक प्रति माह खपत 21.7 जीबी रही।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\