Bharat Jodo Yatra: ‘भारत जोड़ो यात्रा’ हरियाणा में दूसरे चरण के तहत सनोली-पानीपत से फिर शुरू
कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ हरियाणा में अपने दूसरे चरण के पहले दिन शुक्रवार सुबह यहां सनोली-पानीपत रोड से फिर से शुरू हुई. राहुल गांधी की अगुवाई वाली इस यात्रा ने उत्तर प्रदेश से बृहस्पतिवार शाम को हरियाणा में फिर से प्रवेश किया.
पानीपत (हरियाणा), 6 जनवरी : कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ (Bharat Jodo Yatra) हरियाणा में अपने दूसरे चरण के पहले दिन शुक्रवार सुबह यहां सनोली-पानीपत रोड से फिर से शुरू हुई. राहुल गांधी की अगुवाई वाली इस यात्रा ने उत्तर प्रदेश से बृहस्पतिवार शाम को हरियाणा में फिर से प्रवेश किया. रात्रि विश्राम के बाद यात्रा पानीपत में सनोली सीमा से फिर से शुरू हुई. हरियाणा के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल के साथ पदयात्रा में शामिल हुए. हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया था कि राहुल अपनी बीमार मां सोनिया गांधी से मिलने के लिए बृहस्पतिवार रात को दिल्ली रवाना हुए थे. वह यात्रा में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार सुबह लौटे.
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को वायरल श्वसन संक्रमण के इलाज के लिए बुधवार को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हरियाणा में बृहस्पतिवार शाम को यात्रा के फिर से प्रवेश करने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसका जोरदार स्वागत किया. राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य वरिष्ठ नेता दोपहर को पानीपत में एक जनसभा को संबोधित करेंगे. अगले कुछ दिन में यह पदयात्रा पंजाब में प्रवेश करने से पहले करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला जिलों से होकर गुजरेगी. यह भी पढ़ें : Bharat Jodo Yatra: मवीकलां में विश्राम के बाद फिर शुरू हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’, रालोद कार्यकर्ताओं ने भी लिया हिस्सा
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने हाल ही में कहा था कि राज्य में यात्रा के लिए सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त किए गए हैं.
यात्रा ने हरियाणा में 21 से 23 दिसंबर तक पहले चरण के तहत 130 किलोमीटर की दूरी तय की थी और यह नूहं, गुरुग्राम तथा फरीदाबाद जिलों से गुजरी थी. ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और 30 जनवरी को श्रीनगर में राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने के साथ संपन्न होगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 06, 2023 10:04 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

