Bharat Jodo Yatra: ‘भारत जोड़ो यात्रा’ एक दिन के विश्राम के बाद दौसा से फिर से शुरू हुई
राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ एक दिन के विश्राम के बाद रविवार को दौसा से फिर से शुरू हुई. इस दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और वरिष्ठ नेता सचिन पायलट भी राहुल के साथ नजर आए.
दौसा (राजस्थान), 18 दिसंबर : राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ (Bharat Jodo Yatra) एक दिन के विश्राम के बाद रविवार को दौसा से फिर से शुरू हुई. इस दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और वरिष्ठ नेता सचिन पायलट भी राहुल के साथ नजर आए. यात्रा दौसा के कालाखो से सुबह करीब आठ बजे शुरू हुई. इसका स्वागत करने के लिए लोग सुबह से ही कतारों में खड़े दिखे. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी सोमवार को अलवर में एक रैली को संबोधित करेंगे.
कन्याकुमारी में सात सितंबर को शुरू हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अब तक आठ राज्यों-तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान से गुजर चुकी है. शुक्रवार को यात्रा के 100 दिन पूरे हो गए थे. ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 24 दिसंबर को दिल्ली में प्रवेश करेगी और लगभग आठ दिनों के विश्राम के बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब से गुजरते हुए अंत में जम्मू-कश्मीर की ओर बढ़ेगी. यह भी पढ़ें : Bharat Jodo Yatra: ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने जन आंदोलन का रूप ले लिया है- कांग्रेस अध्यक्ष खरगे
इसमें पूजा भट्ट, रिया सेन, सुशांत सिंह, स्वरा भास्कर, रश्मि देसाई, आकांक्षा पुरी और अमोल पालेकर जैसी फिल्मी और टीवी हस्तियों के साथ-साथ समाज के कई वर्गों के लोगों की भागीदारी देखी गई है. शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की सुप्रिया सुले, पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल एल रामदास, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन सहित कई दिग्गज अलग-अलग मौकों पर इस पदयात्रा में शामिल हो चुके हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 18, 2022 11:50 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

