देश की खबरें | ‘भारत जोड़ो’ यात्रा: 60 कंटेनर में रात्रि विश्राम करेंगे राहुल और अन्य यात्री
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा में शामिल राहुल गांधी और अन्य यात्री कुल 60 कंटेनर में रात्रि विश्राम करेंगे तथा प्रतिदिन इन कंटेनर को ट्रक के जरिये दूसरे स्थान पर ले जाया जाएगा।
कन्याकुमारी, आठ सितंबर कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा में शामिल राहुल गांधी और अन्य यात्री कुल 60 कंटेनर में रात्रि विश्राम करेंगे तथा प्रतिदिन इन कंटेनर को ट्रक के जरिये दूसरे स्थान पर ले जाया जाएगा।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश के अनुसार राहुल गांधी समेत कुल 230 लोगों ने सात सितंबर को 60 कंटेनर में रात्रि विश्राम किया था।
उन्होंने कहा कि इन कंटेनर में दो, चार, छह और 12 बिस्तर तक लगाए गए हैं तथा ‘मोबाइल टॉयलेट’ की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि रोजाना इन कंटेनर को ट्रकों के माध्यम से उस निर्धारित स्थान पर पहुंचाया जाएगा जहां यात्रा में शामिल लोग रात्रि विश्राम करेंगे।
रमेश के मुताबिक, भारत जोड़ो यात्रा के लिए कुल 60 कंटेनर तैयार किए गए हैं और सात सितंबर को यात्रा की शुरुआत के पहले दिन राहुल गांधी समेत कुल 230 लोग ठहरे थे। उन्होंने कहा कि इनमें 118 ‘भारत यात्री’, ‘अतिथि यात्री’, ‘प्रदेश यात्री’ और सुरक्षा से जुड़े लोग शामिल थे।
उन्होंने कहा, ‘‘इन कंटेनर में कोई टेलीविजन नहीं है, पंखा जरूर है।’’
कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा की समन्वय समिति के प्रमुख दिग्विजय सिंह ने कहा कि कंटेनर एक रेलगाड़ी के स्लीपर डिब्बे की तरह हैं।
यह पूछे जाने पर कि क्या इन कंटेनर में एयर कंडीशन (एसी) हैं तो उन्होंने कहा कि इस तरह के मौसम में एसी की जरूरत नहीं पड़ती है।
सिंह ने बताया कि यात्रा में शामिल लोगों के लिए विश्राम स्थलों की व्यवस्था प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन ध्वजवंदन और वंदे मातरम और राष्ट्रगान के गायन के साथ इस यात्रा की शुरुआत होगी।
इस बीच, जयराम रमेश ने दावा किया कि उनके एक समन्वयक लक्षद्वीप जाना चाहते थे, लेकिन प्रशासक प्रफुल्ल पटेल ने अनुमति नहीं दी।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने यहां 'विवेकानंद पॉलिटेक्निक' से 118 अन्य "भारत यात्रियों'' और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा की शुरुआत की।
पार्टी ने राहुल गांधी समेत 119 नेताओं को "भारत यात्री" नाम दिया है जो कन्याकुमारी से पदयात्रा करते हुए कश्मीर तक जाएंगे। ये लोग कुल 3,570 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे।
हक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 08, 2022 08:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

