एजेंसी न्यूज

Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी के साथ कदमताल के लिए कांग्रेस नेता फिटनेस दुरूस्त करने में जुटे

महाराष्ट्र में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के आगमन से पूर्व, राज्य में पार्टी के कईं वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के साथ कदमताल करने के वास्ते तेज़-तेज़ चलने का अभ्यास और कसरत करने में जुटे हैं.

Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी के साथ कदमताल के लिए कांग्रेस नेता फिटनेस दुरूस्त करने में जुटे
राहुल गांधी (Photo Credit : Twitter)

मुंबई, 4 नवंबर : महाराष्ट्र में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के आगमन से पूर्व, राज्य में पार्टी के कईं वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के साथ कदमताल करने के वास्ते तेज़-तेज़ चलने का अभ्यास और कसरत करने में जुटे हैं. बता दें कि कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात नवंबर को शाम करीब सात बजे पड़ोसी राज्य तेलंगाना से महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के देगलुर में प्रवेश करेगी. राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि वे और अन्य नेता गांधी के साथ तेज़-तेज़ चलने और व्यायाम करने का अभ्यास कर रहे हैं, जबकि राज्य कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि वे यात्रा के लिए खुद को तंदुरूस्त कर रहे हैं.

चव्हाण ने कहा,‘‘नांदेड़ के लोग यात्रा में भाग लेने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. जब भी हमें समय मिलता है हम अभ्यास और व्यायाम कर रहे हैं. चलना स्वास्थ्य के लिए अच्छा है.’’ पटोले ने कहा कि पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख के तौर पर, राहुल गांधी के साथ यात्रा के इस चरण में पूरे 382 किलोमीटर चलना उनका कर्तव्य है. कांग्रेस नेता और नांदेड़ से विधायक डी.पी. सावंत ने कहा कि राज्य के पार्टी नेता यात्रा के दौरान जितना हो सके पैदल चलने की कोशिश करेंगे. यह भी पढ़ें : Cyrus Mistry Accident: सह-यात्री डेरियस पंडोले ने कहा, पत्नी कार को तीसरी लेन में नहीं ले जा सकीं

सावंत ने कहा कि चव्हाण और अन्य नेता हर सुबह पांच किलोमीटर पैदल चल रहे हैं. महाराष्ट्र में, ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अपने 14 दिनों के प्रवास के दौरान 15 विधानसभा और छह संसदीय क्षेत्रों से गुज़रेगी. यात्रा सोमवार शाम को देगलुर के मदनूर नाका पहुंचेगी और अगले दिन सुबह साढ़े छह बजे पैदल मार्च डेगलुर बस स्टैंड से शुरू होगा. महाराष्ट्र कांग्रेस ने यात्रा के स्वागत के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं, जहां राज्य का पूरा नेतृत्व मौजूद रहेगा.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 04, 2022 11:54 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).