एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भारत बंद, कांग्रेस के प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली में कई सड़कों पर जाम

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ‘भारत बंद’ के आह्वान और सेना में भर्ती संबंधी केंद्र की नई योजना ‘अग्निपथ’ को लेकर तथा पार्टी के नेता राहुल गांधी के खिलाफ कथित ‘‘प्रतिशोध की राजनीति’’ को लेकर कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर सोमवार को यातायात पुलिस ने दिल्ली में कई मार्ग बंद कर दिए, जिससे राष्ट्रीय राजधानी में कई स्थानों पर यातायात बाधित हुआ।

देश की खबरें | भारत बंद, कांग्रेस के प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली में कई सड़कों पर जाम

नयी दिल्ली, 20 जून ‘भारत बंद’ के आह्वान और सेना में भर्ती संबंधी केंद्र की नई योजना ‘अग्निपथ’ को लेकर तथा पार्टी के नेता राहुल गांधी के खिलाफ कथित ‘‘प्रतिशोध की राजनीति’’ को लेकर कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर सोमवार को यातायात पुलिस ने दिल्ली में कई मार्ग बंद कर दिए, जिससे राष्ट्रीय राजधानी में कई स्थानों पर यातायात बाधित हुआ।

दिल्ली-नोएडा-दिल्ली फ्लाईवे, मेरठ एक्सप्रेस-वे, आनंद विहार, सराय काले खान, प्रगति मैदान और दिल्ली के अन्य हिस्सों में सुबह भारी जाम रहा। इन इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं।

कुछ लोगों ने सोशल मीडिया मंच ट्विटर पर इसकी जानकारी दी।

एक व्यक्ति ने बताया कि वह लगभग 30 मिनट से जाम में फंसे हैं और कार्यालय पहुंचने में उन्हें काफी देर हो रही है। वहीं, एक अन्य ने लोगों से आनंद विहार-सराय काले खान मार्ग पर जाने से बचने को कहा।

हालांकि, दिल्ली यातायात पुलिस ने कहा कि यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए उसने अपने कई दलों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया है।

सशस्त्र बलों में भर्ती के लिए केंद्र की ‘अग्निपथ’ योजना के खिलाफ देश के कई हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन चल रहे हैं। कथित तौर पर, कुछ समूहों ने इस योजना का विरोध करने के लिए कुछ राज्यों में ‘भारत बंद’ का आह्वान किया है। इस नई योजना के तहत थलसेना, नौसेना और वायुसेना में सैनिकों की भर्ती चार साल के लिए संविदा आधार पर की जाएगी और इन्हें ‘अग्निवीर’ नाम दिया जाएगा।

वहीं, कांग्रेस ने रविवार को घोषणा की थी कि ‘‘युवा विरोधी’’ अग्निपथ योजना और राहुल गांधी को निशाना बनाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की कथित ‘‘प्रतिशोध की राजनीति’’ के खिलाफ देशभर में पार्टी के लाखों कार्यकर्ता सोमवार को शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करेंगे।

दिल्ली यातायात पुलिस ने इससे पहले सिलसिलेवार ट्वीट में लोगों को उन रास्तों की जानकारी दी, जो बंद रहेंगे।

यातायात पुलिस ने कहा कि विशेष यातायात व्यवस्था के कारण, नई दिल्ली में गोल डाक खाना जंक्शन, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, तीन मूर्ति चौक और पृथ्वीराज रोड से आगे बसों की आवाजाही बंद रहेगी।

उसने कहा, ‘‘कृपया सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे के बीच गोल मेथी जंक्शन, तुगलक रोड जंक्शन, क्लेरिजेस जंक्शन, क्यू-प्वाइंट जंक्शन, सुनहरी मस्जिद जंक्शन, मौलाना आज़ाद रोड जंक्शन और मान सिंह रोड जंक्शन की ओर से जाने से बचें।’’

यातायात पुलिस ने यात्रियों को मोतीलाल नेहरू मार्ग, अकबर रोड, जनपथ और मान सिंह रोड से भी सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे के बीच जाने से बचने की सलाह दी है।

इस बीच, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ‘नेशनल हेराल्ड’ समाचार पत्र से जुड़े कथित धन शोधन के एक मामले में पिछले सप्ताह लगातार तीन दिन की पूछताछ के बाद सोमवार को फिर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय में पेश हुए और जांच एजेंसी उनसे पूछताछ कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 20, 2022 01:15 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).