देश की खबरें | बंगाल पंचायत चुनाव : दार्जीलिंग में बीजीपीएम को मिली शुरुआती बढ़त

दार्जीलिंग/कालिम्पोंग (प. बंगाल), 11 जुलाई पश्चिम बंगाल में संपन्न हुए पंचायत चुनाव के बाद मंगलवार को मतों की गिनती की जा रही है और राज्य के पहाड़ी जिलों दार्जीलिंग और कालिम्पोंग में भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (बीजीपीएम) ने शुरुआती बढ़त हासिल की है।

गोरखालैंड क्षेत्रीय प्रशासन (जीटीए) के अंतर्गत आने वाले दोनों जिलों में 23 साल के बाद आठ जुलाई को द्वि-स्तरीय चुनाव कराये गये, जबकि राज्य के शेष हिस्सों में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव हुए हैं।

जीटीए के मुख्य कार्यकारी अनित थापा-नीत भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा ने दावा किया है कि वह 33 ग्राम पांचयतों में बोर्ड गठित करने में सफल होगा। अपराह्न दो बजकर 30 मिनट तक जारी नतीजों के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दो ग्राम पंचायतों में जीत दर्ज की है। यूनाइटेड गोरखा गठबंधन ने एक और निर्दलीयों ने नौ ग्राम पंचायत सीट पर कब्जा किया है।

दार्जीलिंग की 70 ग्राम पंचायतों में कुल 598 सीट, जबकि कालिम्पोंग की 42 ग्राम पंचायतों में कुल 281 सीट हैं।

जिला प्रशासन के मुताबिक बीजीपीएम को दार्जीलिंग के टाकलिंग-एक, रोंगचोंग, लेबोंग वैली-दो, पुबोंग रामपुरिया, सिट्टोंग-दो, बडामतम, लबदाह और तकदाह ग्राम पंचायतों में बढ़त हासिल हुई है।

इसी प्रकार, कालिम्पोंग जिले में पार्टी कालिम्पोंग-एक, भालुखोप, समथर, यामग्माकुम, सियोकबीर और काफ्फेर, कांकेबोंग, पुडुंग, पाबरिंगतर, लावा गीबियोंग, सांगसे, लिंगसे, निम्बोंग, लोले और सांटूक ग्राम पंचायत में बढ़त हासिल किये हुए है।

पंचायत समितियों के नतीजे अबतक घोषित नहीं किए गए हैं।

बीजीपीएम पार्टी का राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के साथ करीबी संबंध है और वह भाजपा-नीत आठ दलों के गठबंधन यूनाइटेड गोरखा का मुकाबला कर रही है। दार्जीलिंग से सांसद राजू बिस्ता भाजपा के सदस्य हैं।

इन दोनों जिलों में पिछला पंचायत चुनाव वर्ष 2000 में हुआ था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)