देश की खबरें | बंगाल पंचायत चुनाव : अधीर ने हिंसक चुनाव जीतने के लिए ममता को ‘बधाई’ दी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने शनिवार के हिंसक पंचायत चुनावों में जीत के लिए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो ममता बनर्जी को ‘‘बधाई’’ दी।

बहरमपुर (पश्चिम बंगाल), आठ जुलाई कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने शनिवार के हिंसक पंचायत चुनावों में जीत के लिए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो ममता बनर्जी को ‘‘बधाई’’ दी।

मुर्शिदाबाद जिले के बहरमपुर में संवाददाता सम्मेलन में चौधरी ने कहा, ‘‘बधाई हो दीदी, आपने पंचायत चुनाव जीत लिया है।’’ उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि बनर्जी का चोटिल पैर 11 जुलाई को मतगणना के दिन ठीक हो जाएगा और वह अपने घर से बाहर आएंगी तथा चुनाव में विजयी बनाने के लिए लोगों को धन्यवाद देंगी।

उन्होंने दावा किया कि शनिवार सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान असल में शुक्रवार रात ही शुरू हो गया था। चौधरी ने आरोप लगाया, ‘‘रात में मतपेटियां बाहर लाई गईं, फर्जी वोट डाले गए।’’

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव एक दिखावा के अलावा और कुछ नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘अगर चुनाव नहीं हुए होते तो शायद इतनी मौतें नहीं होतीं।’’

चौधरी ने आरोप लगाया कि शनिवार को जो हुआ वह राज्य प्रायोजित आतंकवाद है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) स्थिति का फायदा उठाएगी, जैसा कि उसने 2018 के पंचायत चुनावों के बाद किया था।

पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने पश्चिम बंगाल की 42 में से 18 सीट हासिल की थी। उन्होंने कहा, ‘‘तृणमूल के गुंडे किसी को भी नहीं बख्शेंगे। सत्तारूढ़ दल को अगले पांच वर्षों में लूट खसोट को अंजाम देने के लाइसेंस को नवीनीकृत कराने का अवसर मिला है।’’

उन्होंने सवाल किया कि अगर कांग्रेस के पास मतदान के दिन या चुनाव से पहले बम फेंकने की शक्ति होती, तो क्या आपको लगता है कि तृणमूल कांग्रेस वोट लूट सकती थी। चौधरी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच सांठगांठ के कारण केंद्रीय (सशस्त्र) बल सक्रिय नहीं हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now