देश की खबरें | बंगाल: भाजपा के केंद्रीय दल को संदेशखालि जाने से रोका गया

कोलकाता, 16 फरवरी भाजपा सांसदों के एक केंद्रीय दल को शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के संदेशखालि का दौरा करने से रोक दिया गया, जहां ग्रामीणों पर टीएमसी नेताओं के कथित अत्याचार को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहा है।

केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक ने कहा कि पुलिस ने दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत लागू की गई निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए भाजपा सांसदों के केंद्रीय दल को संदेशखाली जाने की अनुमति नहीं दी।

संदेशखालि प्रखंड के रास्ते में रामपुर गांव में रोके जाने के बाद भाजपा का छह सदस्यीय दल धरने पर बैठ गया।

दल की संयोजक केंद्रीय मंत्री अन्नापूर्णा देवी ने पत्रकारों से कहा, “भाजपा के केंद्रीय दल को पुलिस ने संदेशखालि का दौरा करने से रोक दिया। पुलिस निषेधाज्ञा का हवाला दे रही है। हमने कहा कि हममें से केवल चार लोग जाएंगे, लेकिन हमें अनुमति नहीं दी गई।”

केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री भौमिक ने आरोप लगाया कि पुलिस "दोषियों को बचाने की कोशिश कर रही है"।

अन्नापूर्णा देवी ने कहा, "पुलिस हमें रोकने में बहुत फुर्ती दिखाई । हम केंद्रीय मंत्री और सांसद हैं, और कुछ प्रोटोकॉल हैं। राज्य पुलिस और प्रशासन को उन प्रोटोकॉल की परवाह नहीं है। अगर पुलिस ने इतनी ही तत्परता शाहजहां शेख को गिरफ्तार करने में दिखाई होती तो स्थिति कुछ और होती।”

संदेशखालि में बड़ी संख्या में महिलाओं ने तृणमूल कांग्रेस के कद्दावर नेता शाहजहां शेख और उनके समर्थकों पर जबरदस्ती जमीन हड़पने और यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।

शाहजहां से जुड़े लोगों ने पांच जनवरी को राशन घोटाले के सिलसिले में छापा मारने गए प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों पर कथित तौर पर हमला कर दिया था, जिसके बाद से शाहजहां फरार हैं। भाजपा सांसदों के केंद्रीय दल ने आरोप लगाया है कि उत्तर 24 परगना जिले में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है।

भाजपा अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने संदेशखालि का दौरा करने के लिए पार्टी सांसदों की छह सदस्यीय समिति का गठन किया है, जहां महिलाएं स्थानीय टीएमसी नेताओं के कथित अत्याचारों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही हैं।

समिति की संयोजक अन्नपूर्णा देवी हैं। केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक, सुनीता दुग्गल, कविता पाटीदार, संगीता यादव और उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी बृजलाल समिति के सदस्य हैं।

पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ टीएमसी ने भाजपा पर "राज्य का माहौल खराब करने" की कोशिश करने का आरोप लगाया।

टीएमसी नेता शांतनु सेन ने कहा, “पुलिस ने भाजपा प्रतिनिधिमंडल को रोककर सही काम किया। उसका इरादा राज्य का माहौल खराब करने का है। प्रशासन शांति बहाल करने के लिए सब कुछ कर रहा है, लेकिन भाजपा राजनीतिक लाभ के लिए परेशान करने की कोशिश कर रही है।’’

केंद्रीय दल अब कोलकाता में राज्यपाल सीवी आनंद बोस से मुलाकात करेगा।

बृहस्पतिवार को लगातार सातवें दिन संदेशखालि में विरोध प्रदर्शन जारी रहा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)