ताजा खबरें | बंगालः भाजपा महिला कार्यकर्ता की हत्या, पार्टी ने नंदीग्राम में किया प्रदर्शन

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. (तस्वीर सहित)

(तस्वीर सहित)

कोलकाता, 23 मई लोकसभा चुनाव के छठे चरण के मतदान से ठीक दो दिन पहले पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक महिला कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

तमलुक लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली नंदीग्राम सीट पर 25 मई, शनिवार को मतदान होगा। राज्य में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी इस सीट से सांसद रह चुके हैं। उनका यहां खासा प्रभाव माना जाता है।

नंदीग्राम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान वाहनों के टायर जलाए, सड़कें अवरुद्ध कीं और दुकानें बंद कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनाचूरा गांव में भाजपा कार्यकर्ता रथिबाला अरहि (38) की तृणमूल कांग्रेस (तृणमूल) समर्थित अपराधियों ने हत्या की है।

पुलिस ने बताया कि दंगाई भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इलाके में पुलिस और द्रुत कार्य बल (आरएएफ) की एक वृहद टुकड़ी तैनात की गई है। कथित हत्या के संबंध में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

भाजपा के एक स्थानीय नेता ने बताया कि प्रदर्शन के तहत पार्टी ने पहले नंदीग्राम में बंद का आह्वान किया था, लेकिन बाद में इस फैसले को वापस ले लिया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार देर रात मोटरसाइकिल पर आए अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने अरहि की हत्या कर दी थी और अनेक अन्य लोगों को घायल कर दिया था।

भाजपा के जिला महासचिव मेघनाद पॉल ने 'पीटीआई-' को बताया, ''क्षेत्र में दिन में चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद अरहि और कई अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं को कल रात एक स्थानीय मतदान केंद्र की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन टीएमसी समर्थित अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। अरहि की हत्या कर दी गई और अन्य लोगों को घायल कर दिया गया।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\