देश की खबरें | बंगाल: भाजपा प्रतिनिधिमंडल को मालदा में हिंसा प्रभावित मोथाबाड़ी जाने से रोका गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार की अगुवाई में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रतिनिधिमंडल को रविवार को पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मोथाबाड़ी से करीब तीन किलोमीटर दूर इंग्लिश बाजार में पुलिस ने रोक लिया।
कोलकाता, 30 मार्च केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार की अगुवाई में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रतिनिधिमंडल को रविवार को पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मोथाबाड़ी से करीब तीन किलोमीटर दूर इंग्लिश बाजार में पुलिस ने रोक लिया।
मोथाबाड़ी में दो समुदायों के बीच झड़प हुई थी।
भाजपा के प्रतिनिधिमंल को हिंसा प्रभावित क्षेत्र में जाने की अनुमति नहीं दी गई, जिसके बाद पार्टी नेताओं और समर्थकों ने सड़क जाम कर दी।
भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष मजूमदार ने संवाददाताओं से कहा, “बंगाल के लोग देख रहे हैं कि यहां क्या हो रहा है। राज्य की पुलिस सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ता के रूप में काम कर रही है।”
उन्होंने यह भी पूछा, “पुलिस ग्रामीणों को रामनवमी पूजा न करने का निर्देश कैसे दे सकती है? पुलिस ऐसा नहीं कर सकती। मैंने लोगों से बिना किसी डर के रामनवमी मनाने को कहा है।”
इससे पहले, मजूमदार और उनकी पार्टी के सहयोगियों को मोथाबाड़ी से कम से कम 10 किलोमीटर पहले ग्रामीणों ने रोक लिया, जिनमें से ज्यादातर महिलाएं थीं।
महिलाओं ने अपने ऊपर अत्याचार का आरोप लगाया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और झड़प प्रभावित मोथाबाड़ी में स्थिति शांतिपूर्ण है।
उन्होंने बताया हालांकि क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं बंद हैं।
अधिकारी ने बताया कि दुकानें व बाजार फिर से खुल गए हैं और रविवार सुबह से हालात सामान्य दिखाई दिये।
उत्तर बंगाल के महानिरीक्षक (आईजी) राजेश यादव ने ‘पीटीआई-’ को बताया, “स्थिति शांतिपूर्ण है। पिछले 48 घंटों में इलाके में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। दुकानें व बाजार खुले हैं और नियमित व्यावसायिक गतिविधियां जारी हैं।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 30, 2025 04:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

