देश की खबरें | बंगाल भाजपा सभी नगर निकायों में एक बार में चुनाव कराने की मांग को लेकर जा सकती है अदालत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में उन सभी नगर निगमों और नगरपालिकाओं में एक ही बार में चुनाव कराने संबंधी निर्देश प्राप्त करने को लेकर कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख करने के बारे में वह वकीलों से विचार-विमर्श कर रही है, जहां पर चुनाव अभी होने हैं।

कोलकाता, नौ नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में उन सभी नगर निगमों और नगरपालिकाओं में एक ही बार में चुनाव कराने संबंधी निर्देश प्राप्त करने को लेकर कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख करने के बारे में वह वकीलों से विचार-विमर्श कर रही है, जहां पर चुनाव अभी होने हैं।

बंगाल में कोलकाता और पड़ोसी हावड़ा के नगर निगम समेत 100 से अधिक नगर निकायों में चुनाव काफी समय से लंबित हैं।

भाजपा की प़. बंगाल इकाई के उपाध्यक्ष प्रताप बनर्जी ने बताया कि पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य निर्वाचन आयोग से सोमवार को मुलाकात की थी और मांग की थी कि सभी नगर पालिकाओं और निगमों में चुनाव एक साथ ही करवाए जाएं।

तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि जब उसने एक ही चरण में विधानसभा चुनाव कराने की मांग की थी, तब भाजपा ने आठ चरण में चुनाव कराने का समर्थन किया। राज्य में विधानसभा चुनाव इस साल की शुरुआत में हुए थे।

राज्य सरकार ने राज्य निर्वाचन आयोग को प्रस्ताव भेजा है जिसमें कहा गया है कि कोलकाता और हावड़ा नगर निगमों में चुनाव 19 दिसंबर को कराए जाएं।

प्रताप बनर्जी ने कहा, ‘‘इस मुद्दे पर हम उच्च न्यायालय जाने पर विचार कर रहे है। इस बारे में अपने वकीलों से बात करने के लिए आज हम अदालत आए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\