देश की खबरें | बंगाल विधानसभा ने मणिपुर हिंसा को लेकर निंदा प्रस्ताव पारित किया

कोलकाता, 31 जुलाई पश्चिम बंगाल विधानसभा में मणिपुर में हुई हिंसा की निंदा करने वाला एक प्रस्ताव सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विरोध के बीच पारित कर दिया गया।

राज्य के संसदीय कार्य मंत्री सोवनदेब चट्टोपाध्याय ने सदन में प्रस्ताव पेश किया था।

प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हिंसा ग्रस्त राज्य में हालात से निपटने में भाजपा और केंद्र सरकार की भूमिका की निंदा की।

उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री को मणिपुर पर एक उदाहरण पेश करना चाहिए था। यह शर्म की बात है कि प्रधानमंत्री विदेश यात्रा पर तो जा सकते हैं लेकिन मणिपुर नहीं जा सकते।''

बनर्जी ने कहा, ''अगर प्रधानमंत्री मणिपुर में शांति बहाल करने में सक्षम नहीं हैं तो हमें (इंडिया)शांति बहाल करने की अनमुति दें।''

नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि चर्चा करना अवैध है क्योंकि मामला अदालत में विचाराधीन है।

उन्होंने कहा, ''हम मणिपुर पर चर्चा की इजाजत देने वाले अवैध फैसले के खिलाफ अदालत जाएंगे।'' उन्होंने कहा कि यह संघीय ढांचे के चरित्र के खिलाफ है।

चर्चा में भाग लेने वाले भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री के भाषण के बाद सदन से वॉकआउट कर दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)