जरुरी जानकारी | चीन में प्रमुख एनबीएफसी के दिवालिया होने की घोषणा के बाद बीजिंग पुलिस कर रही जांच

सप्ताहांत में सोशल मीडिया मंच वीचैट पर जारी बयान में पुलिस ने कहा कि उन्होंने जांच के लिए कई संदिग्धों के खिलाफ ‘आपराधिक प्रवर्तन कदम’ उठाए हैं और प्रभावित निवेशकों से शिकायत दर्ज करने का आग्रह किया है।

बयान के अनुसार, “निवेशकों से जांच और साक्ष्य एकत्र करने में पुलिस के साथ सक्रिय रूप से सहयोग करने और कानूनी चैनलों के माध्यम से अपने अधिकारों और हितों की रक्षा करने का आग्रह है।”

अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि वे किन अपराधों की जांच कर रहे हैं। पूर्व में, वित्तीय क्षेत्र में चूक या अन्य समस्याओं के कारण पीड़ित निवेशकों ने विरोध प्रदर्शन किया है।

बीजिंग स्थित एनबीएफसी झोंगझी एंटरप्राइज ने इस संबंध में ई-मेल के माध्यम से पूछे गए सवाल का फिलहाल कोई जवाब नहीं दिया है और ना ही कंपनी के अधिकृत फोन नंबरों पर संपर्क किया जा सका है।

पिछले सप्ताह कुछ मीडिया में खबरें आई थीं कि चीन की सबसे बड़ी एनबीएफसी में से एक झोंगझी ने अपने निवेशकों को पत्र लिखकर माफी मांगी है कि वह 64 अरब डॉलर तक की देनदारियों के साथ दिवालिया हो गई है। यह उसकी कुल संपत्ति लगभग 28 अरब डॉलर से कहीं अधिक है।

झोंगझी बैंकों के समान वित्तीय सेवाएं प्रदान करती है। हालांकि यह बैंक नियमन से बाहर रखकर काम करती है। अगस्त में इसमें परेशानी के संकेत तब दिखने शुरू हुए जब इसकी सहायक कंपनी झोंगरोंग इंटरनेशनल ट्रस्ट अपने कुछ निवेश उत्पादों पर भुगतान करने से चूक गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)