एजेंसी न्यूज

बीसीसीआई के कोचों ने आनलाइन सत्र में भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की

आनलाइन सत्र का यह विचार राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के प्रमुख राहुल द्रविड़ ने दिया था।

बीसीसीआई के कोचों ने आनलाइन सत्र में भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की
जमात

नयी दिल्ली, 30 अप्रैल भारतीय सीनियर टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री और ए तथा जूनियर टीम के उनके समकक्षों ने आनलाइन सत्र के दौरान अपनी टीमों की भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की और कोरोना वायरस महामारी के कारण घर में बिताए जा रहे समय का सदुपयोग किया।

आनलाइन सत्र का यह विचार राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के प्रमुख राहुल द्रविड़ ने दिया था।

शास्त्री, गेंदबाजी कोच भरत अरूण और क्षेत्ररक्षण कोच आर श्रीधर पिछले हफ्ते संचालित इस आनलाइन सत्र का हिस्सा थे।

एनसीए के एक अधिकारी ने पीटीआई से कहा, ‘‘यह आनलाइन कोचिंग क्लास नहीं थी। आप कह सकते हैं कि यह एक तरह की बातचीत थी जिसमें आप अपने विचार रखते हैं और अन्य कोचों के मन में क्या चल रहा है और उनकी क्या योजनाएं हैं उसे जानते हैं। अब तक ऐसा एक ही सत्र हुआ है लेकिन इसके नियमित तौर पर होने की संभावना है।’’

इस आनलाइन सत्र में जूनियर और एनसीए कोचों ने भी हिस्सा लिया जिसमें पारस महाम्ब्रे, नरेंद्र हिरवानी, अभय शर्मा और सितांशु कोटक शामिल हैं।

अधिकारी ने कहा, ‘‘अगर शास्त्री, अरूण और श्रीधर जैसे सीनियर कोच बातचीत का हिस्सा होंगे तो उनके विस्तृत अंतरराष्ट्रीय अनुभव से आपको कुछ सीखने को ही मिलेगा।’’

अधिकारी ने कहा, ‘‘इस समय लाकडाउन के कारण इस तरह के सत्र का आयोजन आसान है। यह देखना होगा कि चीजों के सामान्य होने और भारतीय टीम के खेलने की स्थिति में कितनी अवधि पर इनका आयोजन किया जा सकता है।’’

कोरोना वायरस महामारी के कारण दुनिया भर में खेल गतिविधियां ठप्प पड़ी हैं।

अभी यह स्पष्ट नहीं है कि भारतीय टीम मैदान पर कब उतरेगी। टीम ने अपना पिछला मैच मार्च के पहले हफ्ते में न्यूजीलैंड में खेला था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 30, 2020 05:21 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).