देश की खबरें | एक-दो को छोड़ ज्यादातर एग्जिट पोल के अनुमान गलत साबित हुए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के बाद आए ज्यादातर चुनाव बाद सर्वेक्षणों (एग्जिट पोल) के अनुमान वास्तविक परिणाम से मेल नहीं खाते।

नयी दिल्ली, 13 मई कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के बाद आए ज्यादातर चुनाव बाद सर्वेक्षणों (एग्जिट पोल) के अनुमान वास्तविक परिणाम से मेल नहीं खाते।

हालांकि, ‘एक्सिस मॉय इंडिया’ का अनुमान सटीक रहा तो ‘टुडेज चाणक्या’ का आकलन भी नतीजों के करीब रहा।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 224 सदस्यीय विधानसभा में 136 सीटें (135 पर जीत और एक सीट पर बढ़त) हासिल हुई हैं तो भाजपा को 65 और जनता दल (सेक्युलर) को 19 सीटें हासिल हुई हैं।

‘इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया’ ने कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत के साथ 122-140 के बीच सीट मिलने का अनुमान जताया था वहीं भाजपा को 62-80 और जनता दल (एस) को 20-25 सीटें दी थीं।

‘न्यूज 24-टुडेज चाणक्य’ ने भी कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत के साथ 120 सीटें मिलने की संभावना जताई है, इसने भाजपा को 92 सीटें और जद (एस) को 12 सीटें मिलने की बात कही थी।

‘जी न्यूज’ और ‘मैट्रिज’ एग्जिट पोल में कांग्रेस को 41 प्रतिशत मतों के साथ 103 से 118 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया था। इसमें भारतीय जनता पार्टी को 36 प्रतिशत मतों के साथ 79 से 94 सीटें तथा जनता दल (सेक्युलर) को 17 प्रतिशत मतों के साथ 25 से 33 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया था।

‘टीवी 9’ और ‘पोलस्ट्रेट’ की ओर से किए गए चुनाव बाद सर्वेक्षण में कहा गया था कि कांग्रेस को 99 से 109 सीटें मिल सकती हैं जबकि भाजपा को 88 से 98 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया था। इस एग्जिट पोल में यह अनुमान भी लगाया गया था कि जद (एस) को 21 से 26 सीटें मिल सकती हैं।

‘एबीपी न्यूज’ और ‘सी वोटर’ के एग्जिट पोल में संभावना जताई गई थी कि कांग्रेस को 100 से 112 सीटें मिल सकती हैं तथा भाजपा को 83 से 95 और जद (एस) को 21 से 29 सीटें हासिल हो सकती हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\