देश की खबरें | बरोदा उपचुनावः भाजपा के योगेश्वर दत्त पीछे
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

चंडीगढ़, 10 नवंबर हरियाणा में बरोदा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार ओलंपिक पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त 10,330 मतों से पीछे चल रहे हैं।

चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज नरवाल 11वें दौर की मतगणना के बाद भी दत्त पर बढ़त बनाए हुए हैं।

यह भी पढ़े | Bihar Assembly Elections Results 2020: चुनाव आयोग ने फिर कहा- ईवीएम से छेड़छाड़ नहीं की जा सकती, मतगणना पूरी तरह से सही है.

11वें दौर की मतगणना के बाद नरवाल को 35,301 वोट मिले थे जबकि दत्त को 24,971 मत ही पड़े।

इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) के उम्मीदवार जोगिंदर सिंह मलिक को 3548 वोट मिले हैं, जबकि लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के प्रत्याशी राजकुमार सैनी को 3241 मत हासिल हुए हैं।

यह भी पढ़े | Arnab Goswami Moves Supreme Court: सुप्रीम कोर्ट पहुंचे रिपब्लिक टीवी के एडिटर अर्नब गोस्वामी, बॉम्बे हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती दी.

बरोदा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे शुरू हो चुकी है। वहां 20 दौर की मतगणना होगी।

अधिकारियों के मुताबिक, सोनीपत के मोहाना में स्थित मतगणना केंद्र में तीन स्तरीय सुरक्षा मुहैया कराई गई है।

इस सीट पर तीन नवंबर को 68.57 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस सीट से 14 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

बरोदा विधानसभा सीट अप्रैल में कांग्रेस विधायक श्री कृष्ण हुड्डा के निधन की वजह से खाली हुई थी। वह इस सीट से 2009, 2014 और 2019 में तीन बार चुनाव जीते थे।

बरोदा उपचुनाव भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधे मुकाबले के तौर पर देखा जा रहा है, जहां सत्तारूढ़ भाजपा बरोदा सीट को जीतना चाहेगी, वहीं कांग्रेस इसे बचाने में लगी हुई है।

यह उपचुनाव पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई है, क्योंकि जाट बहुल यह सीट, रोहतक जिले की गढ़ी सांपला किलोई सीट के पड़ोस में है जहां से वह स्वयं विधायक हैं।

यह उपचुनाव इंडियन नेशनल लोकदल के लिए भी अहम है, क्योंकि पार्टी 2019 के विधानसभा चुनाव में 90 में से एक सीट जीत पाई थी।

बहरहाल, भाजपा ने पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में विधानसभा की 90 सीटों में से 40 पर जीत दर्ज की थी और बाद में दुष्यंत चौटाला की जजपा के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। जजपा ने 10 सीटे जीतें थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)