एजेंसी न्यूज

बैंक में तैनात सुरक्षाकर्मी ने ग्राहक को मारी गोली, गंभीर रूप से घायल

‘बैंक ऑफ बड़ौदा’ की यहां स्थित स्टेशन रोड शाखा में तैनात एक सुरक्षाकर्मी ने एक ग्राहक को कथित तौर पर गोली मार दी जो बिना मास्क के अंदर जाने की कोशिश कर रहा था. गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

बैंक में तैनात सुरक्षाकर्मी ने ग्राहक को मारी गोली, गंभीर रूप से घायल
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: Wikimedia Commons)

बरेली (उप्र), 25 जून: ‘बैंक ऑफ बड़ौदा’ की यहां स्थित स्टेशन रोड शाखा में तैनात एक सुरक्षाकर्मी ने एक ग्राहक को कथित तौर पर गोली मार दी जो बिना मास्क के अंदर जाने की कोशिश कर रहा था. गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सुरक्षाकर्मी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. यह जानकरी पुलिस के एक अधिकारी ने दी. बरेली के पुलिस अधीक्षक (नगर) रवींद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार पूर्वाह्न 11:30 बजे ग्राहक राजेश कुमार बैंक पहुंचा था और बैंक शाखा परिसर में मौजूद सुरक्षाकर्मी केशव प्रसाद मिश्रा से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई.

उन्होंने बताया कि विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि मिश्रा ने कुमार को गोली मार दी जिससे कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. उन्होंने बताया कि कुमार को तत्काल बरेली के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. बैंक की स्टेशन रोड शाखा की वरिष्ठ प्रबंधक गीता भुसाल ने बताया कि फॉरेंसिक टीम सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद ही घटना के बारे में कुछ पता चल सकेगा.

यह भी पढ़ें- Delhi: ऑनर किलिंग के संदिग्ध मामले में शख्स की गोली मारकर हत्या, पत्नी घायल

बैंक में गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस महानिरीक्षक (बरेली परिक्षेत्र) रमित शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हिरासत में लेने से पहले गार्ड को यह चिल्लाते हुए सुना गया कि ग्राहक बिना मास्क के अंदर जाने की कोशिश कर रहा था और इसके लिए रोकने पर उसने उसके साथ दुर्व्यवहार किया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गार्ड ने यह भी कहा कि ग्राहक के जबरन घुसने पर उसे गोली चलानी पड़ी.

बाद में बैंक ने बयान जारी करके घटना पर खेद जताते हुए कहा, ‘‘हम उस दुर्भाग्यपूर्ण गोलीबारी की घटना पर गहरा खेद व्यक्त करते हैं जो गार्ड और पीड़ित के बीच एक कथित विवाद के परिणामस्वरूप हुई. घायल को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वह खतरे से बाहर है.’’ बैंक की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ‘‘बैंक ने पीड़ित परिवार को वित्तीय सहायता प्रदान की है.

यह भी पढ़ें- Uttar Pradesh: मथुरा में ससुर की लाइसेंसी रिवाल्वर से चली गोली से दामाद की मौत

एक निजी सुरक्षा एजेंसी द्वारा तैनात किए गए गार्ड को तुरंत उसकी ड्यूटी से मुक्त कर दिया गया है और पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी कर लिया है. बैंक अपनी जांच में पुलिस अधिकारियों के साथ सहयोग कर रहा है. हम यह सुनिश्चित करने के लिए बैंक के सुरक्षा अधिकारियों के माध्यम से एक आंतरिक जांच भी कर रहे हैं कि भविष्य में ऐसी कोई आकस्मिक घटना न हो और ग्राहकों की सुरक्षा हमेशा सुनिश्चित हो.’’

सं आनन्द प्रशांत अमित

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 25, 2021 07:57 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).