खेल की खबरें | बांग्लादेश ने आयरलैंड को 10 विकेट से हराकर वनडे श्रृंखला जीती
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. बांग्लादेश ने पहला मैच 183 रन से हराकर वनडे में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी और दूसरा मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था।
बांग्लादेश ने पहला मैच 183 रन से हराकर वनडे में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी और दूसरा मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था।
यह पहली बार है जब बांग्लादेश ने किसी भी टीम को 10 विकेट से शिकस्त दी हो।
आसमान में बादल छाये हुए थे और आयरलैंड ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन पूरी टीम 28.1 ओवर में महज 101 रन पर सिमट गयी।
बांग्लादेश के तेज गेंदबाजों ने अपने इतिहास में पहली बार सभी 10 विकेट चटकाये। हसन ने 32 रन देकर पांच विकेट झटके जबकि तास्किन अहमद ने 26 रन देकर तीन और इबादत हुसैन ने 29 रन देकर दो विकेट प्राप्त किये।
मेजबान टीम ने यह लक्ष्य महज 13.1 ओवर में बिना विकेट गंवाये 102 रन बनाकर हासिल किया।
लिटन दास ने 38 गेंद में नाबाद 50 रन बनाये और अपने नौंवे अर्धशतक के लिये 10 चौके जड़े। कप्तान तमीम इकबाल ने एक रन लेकर टीम को जीत दिलायी, उन्होंने 41 गेंद में इतने ही रन बनाये जिसमें पांच चौके और दो छक्के जड़े थे।
आयरलैंड के केवल दो बल्लेबाज ही दोहरे अंक तक पहुंच पाये। कर्टिस कैम्फर ने टीम के सर्वश्रेष्ठ 36 रन की पारी खेली जबकि लोरकान टकर ने 28 रन का योगदान दिया।
हसन ने शानदार तेज गेंदबाजी करते हुए आयरलैंड के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया। आयरलैंड की टीम का स्कोर नौंवे ओवर में तीन विकेट पर 22 रन था जिसके बाद तास्किन अहमद ने विकेट झटके।
तास्किन ने कप्तान एंड्रयू बालबिर्नी को आउट किया। फिर इबादत ने टकर की पारी खत्म की।
हसन ने अपने दूसरे स्पैल में कैम्फर को पवेलियन भेजा।
हसन ने अपने पांच विकेट लेकर आयरलैंड की पारी खत्म की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 23, 2023 07:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

