एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | बेंगलुरु: चार करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद, तीन नाइजीरियाई गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के केंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास तीन नाइजीरियाई लोगों को गिरफ्तार किया गया जिनके पास से 2.8 किलोग्राम सिंथेटिक मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | बेंगलुरु: चार करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद, तीन नाइजीरियाई गिरफ्तार

बेंगलुरु, सात जुलाई कर्नाटक के केंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास तीन नाइजीरियाई लोगों को गिरफ्तार किया गया जिनके पास से 2.8 किलोग्राम सिंथेटिक मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि उनके पास से करीब 400 किलोग्राम हाइड्रो गांजा भी बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत चार करोड़ रुपये से अधिक है।

बेंगलुरु ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सी. के. बाबा के अनुसार, विदेशी नागरिक मेडिकल वीजा पर भारत आए थे और पाया गया कि वे निर्धारित अवधि से अधिक समय तक भारत में रुके हुए थे।

बाबा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘विश्वसनीय खुफिया जानकारी और निगरानी के आधार पर, हमारी टीम ने विदेशी नागरिकों की संदिग्ध गतिविधि की पहचान की।’’

अधिकारी ने बताया कि राजानुकुंटे स्थित उनके आवास की तलाशी के दौरान पुलिस ने 2.8 किलोग्राम एमडीएमए क्रिस्टल, लगभग 400 किलोग्राम हाइड्रो गांजा, दो लाख रुपये से अधिक नकदी, सात मोबाइल फोन, पैक करने की सामग्री और इलेक्ट्रोनिक तराजू जब्त की।

प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपियों ने चिकित्सा कारणों का हवाला देते हुए दिसंबर 2024 में दिल्ली के रास्ते भारत में प्रवेश किया था।

राजधानी में अपना प्रवास पूरा करने के बाद वे बेंगलुरु पहुंचे, जहां से वे कथित तौर पर अपना काम कर रहे थे।

बाबा ने कहा, ‘‘उन्होंने कपड़ों को पैक करने में इस्तेमाल होने वाली कार्डबोर्ड शीट के भीतर मादक पदार्थ को छिपाया और इसे एक स्थान से दूसरे स्थान तक गुप्त रूप से ले गए।’’

पुलिस ने बताया कि तीनों के खिलाफ स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘ऐसा प्रतीत होता है कि इस मादक पदार्थ तस्करी के अभियान में एक बड़ा गिरोह शामिल है। हमारी टीम मादक पदार्थ के स्रोत और काम करने के तरीके का पता लगाने के लिए जांच करेगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2025 07:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).