देश की खबरें | भारत से न्यूजीलैंड की यात्रा करने पर लगे प्रतिबंध के 28 अप्रैल के बाद हटने की उम्मीद: विदेश मंत्रालय

नयी दिल्ली, आठ अप्रैल विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा उसे उम्मीद है कि न्यूजीलैंड की सरकार भारत से आने वाले यात्रियों पर लगे अस्थायी प्रतिबंध को 28 अप्रैल के बाद हटा लेगी ताकि सुचारु रूप से आवागमन बहाल हो सके।

न्यूजीलैंड में बाहर से आने वालों में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए उनके आगमन पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया है।

यह पहली बार है जब भारत से आने वाले यात्रियों पर न्यूजीलैंड की सरकार ने अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया है।

न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा ऑर्डर्न ने 11 अप्रैल से 28 अप्रैल तक प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, ‘हमें पता चला है कि न्यूजीलैंड सरकार ने 11 अप्रैल से 28 अप्रैल तक प्रतिबंध लगाया है। उनका कहना है कि यह पाबंदी अस्थायी है।”

उन्होंने कहा, “यह न केवल भारतीयों बल्कि न्यूजीलैंड के नागरिकों पर भी लागू है। हमें उम्मीद है कि 28 अप्रैल के बाद यह प्रतिबंध हटा लिया जाएगा ताकि आवागमन बहाल हो सके।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)