एजेंसी न्यूज

CM अरविंद केजरीवाल को जमानत बड़ी राहत, भाजपा सरकार को तानाशाही रोकने का संदेश: आप

आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को मांग की कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अरविंद केजरीवाल जैसे कट्टर ईमानदार नेता को जेल में रखने के लिए माफी मांगनी चाहिए.

CM अरविंद केजरीवाल को जमानत बड़ी राहत, भाजपा सरकार को तानाशाही रोकने का संदेश: आप
Aam Aadmi Party | FB

नयी दिल्ली, 13 सितंबर : आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को मांग की कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अरविंद केजरीवाल जैसे कट्टर ईमानदार नेता को जेल में रखने के लिए माफी मांगनी चाहिए. पार्टी ने यह भी कहा कि आबकारी नीति मामले में उच्चतम न्यायालय द्वारा केजरीवाल को जमानत दिए जाने से भाजपा का झूठ सामने आ गया है. आप के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने यहां एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उच्चतम न्यायालय का केजरीवाल को जमानत देना पार्टी और उसके नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के लिए एक बड़ी राहत है. उन्होंने कहा, ‘‘यह केवल केजरीवाल को जमानत मिलने का मामला नहीं है. अदालत ने भाजपा नीत केंद्र सरकार को भी उसकी तानाशाही रोकने का बड़ा संदेश दिया है.’’

सिसोदिया ने कहा कि शीर्ष अदालत का आदेश न केवल आप के लिए महत्वपूर्ण है बल्कि यह आश्वासन भी है कि यदि कोई तानाशाही करेगा तो उच्चतम न्यायालय सुनिश्चित करेगा कि संविधान सर्वोपरि रहे. पूर्व उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा केजरीवाल को जेल में रखने के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही थी और सीबीआई ने जानबूझकर केजरीवाल को गिरफ्तार किया था ताकि उन्हें जेल में रखा जा सके. आप नेता ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा केजरीवाल को जेल में ही रखना चाहती थी ताकि ईडी के मामले में उन्हें जमानत मिलने के बाद सीबीआई उन्हें गिरफ्तार कर सके. सीबीआई ने भाजपा के इरादों को पूरा किया.’’ सिसोदिया ने कहा, ‘‘जमानत आदेश भाजपा के चेहरे पर बड़ा तमाचा है. अदालत ने कहा कि सीबीआई पिंजरे में कैद तोते की तरह काम कर रही है.’’ यह भी पढ़ें : ओबीसी सूची विवाद: पश्चिम बंगाल की याचिका पर पहले सुनवाई करने पर विचार करेगा न्यायालय

उन्होंने कहा कि भाजपा को आत्मनिरीक्षण करना चाहिए क्योंकि उसकी कलई खुल गई है और उसे केजरीवाल जैसे कट्टर ईमानदार नेता को जेल में रखने के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए. उच्चतम न्यायालय द्वारा आप के राष्ट्रीय संयोजक को सशर्त जमानत दिए जाने तथा भ्रष्टाचार के मामले में उनके आरोपी बने रहने के संबंध में भाजपा की प्रतिक्रिया पर पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘भाजपा केजरीवाल पर लगाई गई जमानत शर्तों की बात इसलिए कर रही है, क्योंकि वह डरी हुई है.’’ आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने दावा किया कि पूरा आबकारी नीति मामला ‘‘केजरीवाल को बदनाम करने तथा आम आदमी पार्टी को खत्म करने’’ के लिए ‘‘झूठ’’ की बुनियाद पर आधारित है. उन्होंने कहा, ‘‘उच्चतम न्यायालय द्वारा केजरीवाल को दी गई जमानत इस बात का सबूत है कि भाजपा का झूठ का पहाड़ अब ढह गया है.’’ सिंह ने कहा, ‘‘आप हरियाणा और दिल्ली के चुनाव में भाजपा को हराएगी. केजरीवाल की मौजूदगी से हमें मजबूती मिलेगी.’’

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 13, 2024 01:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).