देश की खबरें | बदलापुर स्टेशन गोलीबारी : आरोपी पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रेलवे पुलिस ने 25 वर्षीय एक व्यक्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
ठाणे, छह सितंबर महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रेलवे पुलिस ने 25 वर्षीय एक व्यक्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी व्यक्ति ने बदलापुर स्टेशन पर दो व्यक्तियों पर कथित तौर पर गोली चलाई, जिनमें से एक घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि यह घटना व्यापारिक प्रतिद्वंद्विता का नतीजा है। बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे प्लेटफॉर्म संख्या एक पर यह वारदात हुई।
कल्याण जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) के वरिष्ठ निरीक्षक पंधारी कांडे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विकास नाना पगारे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या पगारे के अलावा और भी लोग गोलीबारी में शामिल थे।
यह घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और कुछ ही मिनटों में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर आ गया।
गोली चलाने के बाद पगारे रेलवे ट्रैक की ओर भागा लेकिन ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कुछ यात्रियों की मदद से उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने घायल व्यक्ति की पहचान शंकर संसारे के रूप में की है। पगारे की गोलीबारी में दूसरा व्यक्ति सुरक्षित बच गया जिसकी पहचान उजागर नहीं की गई है।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए कहा कि हमलावर का और जिन दो व्यक्तियों पर उसने गोली चलाई, उनका आपराधिक रिकॉर्ड है और गोलीबारी का कारण क्षेत्र में उनके बीच टीवी केबल व्यवसाय को लेकर पेशेवर प्रतिद्वंद्विता है।
उन्होंने बताया कि शुरू में, पगारे और दोनों के बीच रेलवे स्टेशन के बाहर झगड़ा हुआ था। उन्होंने कहा कि जैसे ही संसारे स्टेशन के अंदर भागा, पगारे ने उसका पीछा किया और अपनी रिवॉल्वर से उस पर और उसके साथ आए दूसरे व्यक्ति पर गोली चला दी।
जीआरपी ने रिवॉल्वर और छर्रे को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
बदलापुर पिछले महीने तब सुर्खियों में आया था जब वहां के एक निजी स्कूल में एक पुरुष सहायक ने द्वारा दो बच्चियों का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया था। इस घटना के बाद शहर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुआ और 20 अगस्त को बदलापुर स्टेशन पर हजारों लोगों ने ट्रेनें रोक दीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 06, 2024 11:32 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

