छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र), 25 अगस्त महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने रविवार को बदलापुर की घटना के खिलाफ छत्रपति संभाजीनगर में हवाई अड्डे के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को पड़ोसी शहर जलगांव में एक कार्यक्रम में भाग लेने वाले हैं। मोदी हवाई अड्डे पर पहुंचकर जलगांव के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है।
दानवे ने यहां चिकलथाना हवाई अड्डे के बाहर मीडिया से कहा, ‘‘पुलिस यहां बल प्रयोग कर रही है। क्या हम आतंकवादी हैं जो हमारे खिलाफ बल प्रयोग किया जा रहा है?’’
शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (शिवसेना-यूबीटी) के नेता ने सवाल किया कि पुलिस ने बदलापुर की घटना के मामले में अपने प्राधिकार का इस्तेमाल क्यों नहीं किया और त्वरित कार्रवाई क्यों नहीं की।
उन्होंने कहा, ‘‘बदलापुर में जब 12 घंटे तक मामला दर्ज नहीं किया जाता तो कोई कुछ नहीं कहता।’’
जब उनसे पूछा गया कि वह और उनके समर्थक प्रधानमंत्री के जलगांव दौरे से पहले हवाई अड्डे पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विरोध प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं, दानवे ने कहा, ‘‘हमें भी उनकी सुरक्षा की चिंता है। हम उनका सम्मान करते हैं क्योंकि वह हमारे देश के मुखिया हैं। पुलिस को अपना काम करने दीजिए, हम अपना काम करेंगे।’’
इसके बाद पुलिस ने दानवे और अन्य प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें एमआईडीसी सिडको पुलिस थाने ले गई।
ठाणे जिले में बदलापुर के एक स्कूल में एक पुरुष सहायक द्वारा दो बच्चियों का कथित यौन उत्पीड़न करने के मामले पर विपक्ष, सरकार पर निशाना साध रहा है। आरोपी को 17 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY