देश की खबरें | बाबरी फैसला : कड़े सुरक्षा घेरे में लिया गया अदालत परिसर
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

लखनऊ, 30 सितंबर अयोध्या में बाबरी मस्जिद ढहाए जाने के मामले में बुधवार को सीबीआई की विशेष अदालत द्वारा फैसला सुनाए जाने से पहले अदालत परिसर को त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।

उच्च न्यायालय के कैसरबाग स्थित पुराने परिसर में विशेष सीबीआई अदालत के आसपास ज्यादातर चौराहों पर बैरिकेडिंग की गई और कैसरबाग बस अड्डे की तरफ जाने वाली बसों का रास्ता भी बदला गया।

यह भी पढ़े | हाथरस गैंगरेप: CM योगी और PM मोदी ने हाथरस की घटना पर की वार्ता, कहा- दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाए: 30 सितंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

अदालत परिसर की ओर जाने वाली सड़कों पर भी यातायात को बेहद नियंत्रित रखा गया है। मामले के अभियुक्तों ने अदालत परिसर में पहुंचना शुरू किया तो मुस्तैद पुलिस कर्मियों ने उनकी समुचित जांच करने के बाद ही उन्हें दाखिल होने दिया।

अभियुक्तों के समर्थकों को बैरिकेडिंग के दूसरी ओर ही रोक लिया गया। मीडिया को भी उच्च न्यायालय परिसर में जाने की इजाजत नहीं दी गई। आसपास की ज्यादातर दुकानें बंद रहीं।

यह भी पढ़े | Bihar Assembly Election 2020: बिहार में विधानसभा चुनाव पर कांग्रेस सीट बंटवारे को लेकर करेगी चर्चा.

लखनऊ के पुलिस आयुक्त सुजीत पांडे ने भी मौके पर पहुंच कर सुरक्षा बंदोबस्त का जायजा लिया। पुलिसकर्मी जन संबोधन प्रणाली के जरिए मीडिया कर्मियों को बैरिकेड के पीछे रहने की हिदायत देते रहे।

अयोध्या में 6 दिसंबर 1992 को बाबरी मस्जिद ढहाए जाने के मामले में विशेष सीबीआई अदालत बुधवार को फैसला सुनाने जा रही है। मामले में पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरली मनोहर जोशी, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती समेत 32 अभियुक्त हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)