देश की खबरें | राम मंदिर के भूमि पूजन के लिये अयोध्या को 'दुल्हन' की तरह सजाया गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पांच अगस्त को होने वाले भूमि पूजन कार्यक्रम के लिये भगवान राम की नगरी अयोध्या को 'दुल्हन' की तरह सजाया गया है ।
अयोध्या, चार अगस्त पांच अगस्त को होने वाले भूमि पूजन कार्यक्रम के लिये भगवान राम की नगरी अयोध्या को 'दुल्हन' की तरह सजाया गया है ।
भव्य राम मंदिर निर्माण के लिये होने वाले इस एतिहासिक भूमि पूजन कार्यक्रम में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे ।
राज्य की राजधानी लखनऊ तथा अन्य पडोसी जनपदों से अयोध्या जाने वाली अधिकतर सड़कें भगवान राम के प्रस्तावित मंदिर और राम लला के बड़े-बड़े पोस्टरों, बैनरों और होर्डिंग से सजी हैं।
अयोध्या जाने वाले वाहनों की जांच उससे पहले पड़ने वाले जिले बाराबंकी से ही शुरू हो जाती है और रास्ते में चार स्थानों पर सख्त जांच की जा रही है। अयोध्या में प्रवेश करने वाले वाहनों में सवार लोगो के मोबाइल नंबर और वाहनों का पूरा ब्यौरा भी पुलिसकर्मी नोट कर रहे हैं ।
यह भी पढ़े | Mumbai Rains: महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण बंबई हाई कोर्ट ने टाली ऑनलाइन सुनवाई.
अयोध्या में उन्ही लोगों को प्रवेश करने दिया जा रहा है जिन्हें आधिकारिक स्वीकृति मिली हुई है । मंगलवार को अयोध्या पहुंचने वालों को कई स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था से होकर गुजरना पड़ा । हनुमानगढ़ी इलाके में पुलिस और प्रशासन के वाहनों के सायरन दूर से ही सुनाई देने लगते है । इसके साथ ही भगवान राम के भजनों की मधुर आवाज भी कानों में रस घोलने लगती है ।
हनुमानगढ़ी जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह लकड़ी की बल्लियों से मार्ग अवरोधक लगाये गये है। कई स्थानों पर लोहे के अवरोधक भी लगाये गये है । हनुमानगढ़ी जाने वाला मार्ग पूरी तरह से साफ सुथरा है और जगह-जगह पर पानी का छि़ड़काव भी किया गया है ।
सुरक्षा व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुये अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने 'पीटीआई-' को बताया, ''जहां तक पांच अगस्त की बात है तो हम कोविड-19 नियमों का पूरी तरह से पालन कर रहे हैं । इसलिये हम किसी भी बाहरी व्यक्ति को अयोध्या में प्रवेश नही दे रहे है, शहर में एक जगह पांच व्यक्तियों को एकत्र होने की अनुमति भी नही है । हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि कोविड-19 के नियमों का सख्ती से पालन हो ।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)